Uttar Pradesh News - Morning News Bulletin Uttar Pradesh - 05 March 2026 #180 *ADW*

नमस्कार, 


डीबीयूपी इंडिया द्वारा 3 वर्ष से प्रसारित हो रहे आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है! 

चलिए बात करते हैं उत्तर प्रदेश एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।

🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 बुलेटिन खबरें :


1- नई दिल्ली : 7 राज्यों में राज्यपाल और 2 केंद्र शासित प्रदेशों में उपराज्यपाल बदले – बंगाल के गवर्नर सीवी आनंद बोस का इस्तीफा, आरएन रवि की नियुक्ति पर ममता बनर्जी ने जताई नाराजगी
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गुरुवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 7 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों में राज्यपाल व उपराज्यपालों की नई नियुक्तियां कीं। पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनकी जगह तमिलनाडु के पूर्व राज्यपाल आरएन रवि को पश्चिम बंगाल का नया राज्यपाल बनाया गया है। वहीं लद्दाख के उपराज्यपाल कवींद्र गुप्ता ने भी पद छोड़ दिया, जिन्हें अब हिमाचल प्रदेश का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। लद्दाख के नए उपराज्यपाल के रूप में विनय कुमार सक्सेना की नियुक्ति हुई है। इस फैसले पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आश्चर्य जताते हुए कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री ने उन्हें केवल सूचना दी, लेकिन उनकी राय नहीं ली गई। ममता के अनुसार यह केंद्र का एकतरफा निर्णय है। बोस ने 23 नवंबर 2022 को बंगाल के राज्यपाल का पद संभाला था और उनके कार्यकाल में राज्य सरकार के साथ कई संवैधानिक और प्रशासनिक विवाद भी सामने आए थे।

2- मुंबई : एयरपोर्ट के पास नमाज की अनुमति से बॉम्बे हाईकोर्ट का इनकार – कहा, कहीं भी नमाज पढ़ना मौलिक अधिकार नहीं; सुरक्षा सर्वोपरि
बॉम्बे हाईकोर्ट ने गुरुवार को मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के पास नमाज पढ़ने की अनुमति देने से इनकार कर दिया। जस्टिस बी.पी. कोलाबावाला और जस्टिस फिरदौस पूनीवाला की खंडपीठ टैक्सी और ऑटो-रिक्शा ड्राइवरों की उस याचिका पर सुनवाई कर रही थी, जिसमें एयरपोर्ट के पास बने एक अस्थायी शेड को हटाए जाने के बाद उसी स्थान या आसपास नमाज पढ़ने की अनुमति मांगी गई थी। कोर्ट ने कहा कि किसी भी सार्वजनिक स्थान पर नमाज पढ़ना स्वतः धार्मिक अधिकार नहीं माना जा सकता और सुरक्षा के साथ समझौता नहीं किया जा सकता। पुलिस और एयरपोर्ट अधिकारियों की रिपोर्ट में बताया गया कि आसपास सात जगहों का सर्वे किया गया, लेकिन भीड़, सुरक्षा चिंताओं और एयरपोर्ट विकास योजना के कारण कोई स्थान उपयुक्त नहीं पाया गया। अदालत ने यह भी कहा कि याचिकाकर्ता स्वयं यह तय नहीं कर सकते कि वे किस जगह नमाज पढ़ेंगे और उन्हें किसी वैकल्पिक स्थान की तलाश करनी चाहिए।

3- असम : वायुसेना का सुखोई SU-30MKI फाइटर जेट ट्रेनिंग के दौरान क्रैश – जोरहाट से करीब 60 किमी दूर हादसा, पायलटों की तलाश जारी
भारतीय वायुसेना का अत्याधुनिक लड़ाकू विमान सुखोई SU-30MKI असम के कार्बी आंगलोंग क्षेत्र में प्रशिक्षण उड़ान के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। वायुसेना ने गुरुवार देर रात करीब 1:09 बजे इसकी पुष्टि की। जानकारी के अनुसार विमान ने जोरहाट एयरबेस से उड़ान भरी थी और नियमित प्रशिक्षण मिशन पर था, लेकिन अचानक उसका ग्राउंड कंट्रोल से संपर्क टूट गया और वह रडार से गायब हो गया। बाद में पता चला कि विमान जोरहाट से लगभग 60 किलोमीटर दूर क्रैश हो गया है। फिलहाल वायुसेना और सुरक्षा एजेंसियां दुर्घटनास्थल की तलाश और पायलटों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी हैं। अधिकारियों के अनुसार हादसे के कारणों की जांच के लिए टीम भेजी गई है। SU-30MKI भारतीय वायुसेना का दो इंजन वाला मल्टीरोल फाइटर जेट है, जिसका उपयोग वायु रक्षा, लंबी दूरी की स्ट्राइक और निगरानी जैसे अहम अभियानों में किया जाता है।

4- टी-20 वर्ल्ड कप : भारत ने रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड को 7 रन से हराया – संजू सैमसन की 89 रन की पारी से टीम चौथी बार फाइनल में
टी-20 वर्ल्ड कप के दूसरे सेमीफाइनल में भारत ने इंग्लैंड को 7 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। गुरुवार रात मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। भारतीय टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 253 रन बनाए, जो टूर्नामेंट में भारत का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर रहा। टीम की ओर से संजू सैमसन ने 89 रन की अहम पारी खेली और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। शिवम दुबे ने 43, ईशान किशन ने 39 और हार्दिक पंड्या ने 27 रन का योगदान दिया। जवाब में 254 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही इंग्लैंड की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 246 रन ही बना सकी। इंग्लैंड के जैकब बेथेल ने 48 गेंदों में 105 रन की शानदार पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। अब भारत 8 मार्च को अहमदाबाद में न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल खेलेगा।

5- वॉशिंगटन/नई दिल्ली : रूस से तेल खरीदने पर भारत को 30 दिन की अमेरिकी राहत – समुद्र में फंसे रूसी कच्चे तेल की खरीद की अस्थायी अनुमति
वैश्विक ऊर्जा बाजार में जारी अनिश्चितता के बीच अमेरिका ने भारत को बड़ी राहत देते हुए रूस से तेल खरीदने के लिए 30 दिन की अस्थायी छूट दी है। अमेरिकी ट्रेजरी विभाग के अनुसार यह अनुमति केवल उस रूसी कच्चे तेल के लिए होगी जो पहले से समुद्र में फंसा हुआ है। अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने कहा कि वैश्विक तेल आपूर्ति बनाए रखने और बाजार में दबाव कम करने के लिए यह अस्थायी कदम उठाया गया है। रिपोर्ट्स के अनुसार भारतीय रिफाइनरियां तत्काल डिलीवरी वाले रूसी तेल के कार्गो खरीदने की प्रक्रिया में हैं। यह फैसला ऐसे समय आया है जब पश्चिम एशिया में बढ़ते सैन्य तनाव और आपूर्ति संकट के कारण ऊर्जा बाजार प्रभावित हो रहा है। इसी बीच रूस ने भी भारत को भरोसा दिया है कि जरूरत पड़ने पर वह करीब 95 लाख बैरल कच्चा तेल भेजने के लिए तैयार है, ताकि भारत की ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित न हो।


✳️ अन्य बड़ी खबरें :

1- लखनऊ : होली के बाद 3300 से अधिक किसानों को अनुदान पर मिलेंगे कृषि यंत्र, ई-लॉटरी से होगा चयन; 10 दिन में बिल-फोटो पोर्टल पर अपलोड करना होगा
उत्तर प्रदेश सरकार होली के बाद प्रदेश के 3300 से अधिक किसानों को अनुदान पर कृषि यंत्र उपलब्ध कराएगी। कृषि विभाग के अनुसार 4 मार्च तक विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करने वाले किसानों में से जिन जिलों में लक्ष्य से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं, वहां शुक्रवार को ई-लॉटरी के माध्यम से लाभार्थियों का चयन किया जाएगा। सब मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन योजना के तहत 2519 किसानों को फार्म मशीनरी बैंक, कृषि ड्रोन व अन्य यंत्र दिए जाएंगे, जबकि फसल अवशेष प्रबंधन योजना के अंतर्गत करीब 800 किसानों को उपकरण मिलेंगे। चयनित किसानों को टोकन कन्फर्म होने के 10 दिन के भीतर कृषि यंत्र खरीदकर उसकी रसीद और फोटो पोर्टल पर अपलोड करनी होगी। चयन न होने वाले किसानों की जमानत राशि अधिकतम छह महीने के भीतर वापस की जाएगी।

2- लखनऊ/सोनभद्र-मिर्जापुर : आयकर जांच में बसपा विधायक उमाशंकर सिंह से जुड़े खनन नेटवर्क के संकेत, कथित तौर पर करीबियों के नाम पर बेनामी पट्टों से चलता रहा कारोबार
बहुजन समाज पार्टी के विधायक उमाशंकर सिंह से जुड़े ठिकानों पर हाल में हुई आयकर विभाग की कार्रवाई के बाद जांच में कई अहम जानकारियां सामने आने का दावा किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार सोनभद्र और मिर्जापुर जिलों में खनन से जुड़े करीब 80 प्रतिशत पट्टे कथित तौर पर उनके करीबियों की फर्मों के नाम पर लिए गए थे, जिनके माध्यम से बड़े पैमाने पर खनन गतिविधियां संचालित हो रही थीं। छापेमारी के दौरान मिले दस्तावेजों के आधार पर अब आयकर विभाग संबंधित बैंक खातों की भी जांच कर रहा है। जांच में राजधानी के खनन कारोबारी इश्तियाक के ठिकानों से भी कई दस्तावेज मिलने की बात कही जा रही है, जिनमें कथित रूप से खनन से होने वाली कमाई के बंटवारे से जुड़े संकेत मिले हैं। विभाग अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रहा है।

3- लखनऊ : हुसैनगंज फ्लाईओवर पर चाइनीज मांझे से दो लोग घायल, पशुपालन विभाग के कर्मचारी का गला कटा; छात्र की नाक-कनपटी पर लगे टांके
राजधानी लखनऊ में खतरनाक चाइनीज मांझे की चपेट में आने से गुरुवार शाम दो लोग घायल हो गए। पहला मामला हुसैनगंज फ्लाईओवर का है, जहां माल एवेन्यू निवासी 54 वर्षीय राम खेलावन, जो पशुपालन विभाग में कर्मचारी बताए जा रहे हैं, स्कूटी से बाजार जाते समय मांझे की चपेट में आ गए। मांझा गर्दन में फंसने से उनका गला कट गया और वह लहूलुहान हो गए। राहगीरों की मदद से उन्हें सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। कुछ देर बाद इसी फ्लाईओवर पर सुशांत गोल्फ सिटी निवासी छात्र प्रणव यादव भी मांझे में उलझकर घायल हो गए। बताया जा रहा है कि उनकी नाक और कनपटी पर चोट आई, जिस पर डॉक्टरों ने दो टांके लगाए। उल्लेखनीय है कि फरवरी में भी शहर में कई लोग खतरनाक मांझे से घायल हो चुके हैं।

4- लखनऊ : कांशीराम जयंती पर बसपा का ‘लखनऊ चलो’ आह्वान, 15 मार्च को राजधानी में बड़ी रैली; कुछ विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों के नाम तय
बहुजन समाज पार्टी ने आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को देखते हुए 15 मार्च को संस्थापक कांशीराम की 92वीं जयंती पर राजधानी लखनऊ में बड़े कार्यक्रम की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी ने कार्यकर्ताओं और समर्थकों को ‘लखनऊ चलो’ का आह्वान किया है। कार्यक्रम कांशीराम स्मारक स्थल, पुरानी जेल रोड पर आयोजित होगा, जिसमें प्रदेश के 12 मंडलों से कार्यकर्ता शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। वहीं नोएडा में भी छह मंडलों के कार्यकर्ताओं के साथ अलग आयोजन की योजना है। जानकारी के अनुसार बसपा सुप्रीमो मायावती इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित कर सकती हैं, हालांकि अंतिम निर्णय अभी होना बाकी है। पार्टी ने जालौन की माधौगढ़ सीट से आशीष पांडेय को प्रत्याशी घोषित किया है, जबकि आजमगढ़ की दीदारगंज सीट से अबुल कैश, जौनपुर की मुंगरा बादशाहपुर से विनोद मिश्रा और सहारनपुर देहात से फिरोज आफताब के नाम तय किए जाने की बात सामने आई है।

5- लखनऊ/प्रदेश : मिलावटी खाने के तेल पर बड़ी कार्रवाई, 38 कंपनियों को नोटिस; 4.32 लाख लीटर तेल जब्त, उन्नाव-मुजफ्फरनगर में FIR
होली और रमजान को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने प्रदेश भर में खाने के तेल की यूनिटों पर बड़ा अभियान चलाया, जिसमें मिलावट के कई मामले सामने आए हैं। आयुक्त रोशन जैकब के निर्देश पर हुई कार्रवाई में 66 यूनिटों की जांच की गई, जिनमें से 58 पर कार्रवाई हुई और 38 में खामियां पाई गईं। विभाग के अनुसार कुल 4 लाख 32 हजार लीटर तेल जब्त किया गया, जिसकी कीमत करीब साढ़े छह करोड़ रुपये बताई जा रही है। जांच में कथित तौर पर सस्ते पाम ऑयल और राइस ब्रान ऑयल को सरसों या सोयाबीन तेल के नाम पर बेचने, केमिकल रंग व फ्लेवर मिलाने और एक्सपायर्ड तेल पर नए लेबल लगाने जैसे मामले सामने आए। उन्नाव और मुजफ्फरनगर में लाइसेंस निलंबित कर एफआईआर दर्ज की गई है, जबकि अन्य कंपनियों को सुधार के लिए नोटिस जारी किए गए हैं।


⚡ नोट : सभी जनपदों की खबरें उस जनपद के कलस्टर में होंगी जिसका लिंक ग्रुप एवं न्यूज सेक्शन में मिलेगा। इस वक्त आप DBUP इंडिया - उत्तर प्रदेश डेस्क की खबरें पढ़ रहे हैं। कोई भी त्रुटि या सूचना के लिए कृपया उत्तर प्रदेश डेस्क पर संपर्क करें।

By : Bulletin Head Ayush Tiwari & Team, Uttar Pradesh Desk, DBUP India

Desk WhatsApp : +91 888 7070 140

धन्यवाद !
आपका दिन शुभ हो, रोज सुबह 9:30 बजे पढ़ते रहिए मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन DBUP इंडिया नेटवर्क के साथ…

टिप्पणियाँ