उत्तराखंड में अनियंत्रित कार खाई में गिरने से 4 पर्यटकों की मौत; ब्रेक फेल होने की वजह से हुआ भीषण हादसा *SAOK* #699
बुधवार सुबह उत्तराखंड के मसूरी में झड़ीपानी रोड की तीव्र ढलान पर एक अनियंत्रित मारुति सिलेरियो कार करीब 500 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार चार पर्यटकों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनमें दो महिलाएं शामिल हैं। मृतकों की पहचान हरियाणा के सत्यप्रकाश, मनीत, गाजियाबाद की सविता और दिल्ली की संगीता के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में हादसे का कारण कार के ब्रेक फेल होना माना जा रहा है। उत्तराखंड में पिछले एक महीने से प्रतिदिन भीषड़ एक्सीडेंट से कई मौतों का सिलसिला जारी है।
मसूरी में भीषण सड़क हादसा: अनियंत्रित कार 500 मीटर गहरी खाई में गिरी, चार पर्यटकों की दर्दनाक मौत
झड़ीपानी रोड पर हुआ हादसा
उत्तराखंड के मसूरी में बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है, जहाँ बार्लोगंज चौकी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले झड़ीपानी रोड की एक तीव्र ढलान पर एक मारुति सिलेरियो कार अचानक अनियंत्रित होकर लगभग 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। दुर्घटनाग्रस्त कार दिल्ली नंबर की (DL5CS4610) बताई जा रही है। हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को इसकी सूचना दी।
रेस्क्यू टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद निकाले शव
10 जून 2026 को सुबह करीब 09:16 बजे 112 कंट्रोल रूम के माध्यम से थाना मसूरी को दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली मसूरी से पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। इसके साथ ही एसडीआरएफ (SDRF), फायर सर्विस और 108 एम्बुलेंस टीमों को भी मौके पर बुलाया गया। दुर्गम खाई होने के कारण बचाव कार्य में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा, लेकिन सभी टीमों ने स्थानीय लोगों की मदद से संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर काफी मशक्कत के बाद सभी चारों शवों को खाई से बाहर निकाला।
दुकान से सामान लेते ही आगे बढ़ी कार, ब्रेक फेल होने की आशंका
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों से पूछताछ में यह बात सामने आई है कि कार सवार पर्यटकों ने हादसे से ठीक पहले पास की ही एक दुकान से कुछ सामान खरीदा था। बातचीत के दौरान उन्होंने दुकानदार को बताया था कि वे उत्तरकाशी से लौट रहे थे। सामान लेकर जैसे ही सभी लोग कार में सवार हुए, तीव्र ढलान होने के कारण वाहन अचानक सड़क पर तेजी से आगे बढ़ने लगा। ड्राइवर जब तक गाड़ी पर नियंत्रण पाने का प्रयास करता, तब तक कार एक खाली प्लॉट को पार करती हुई सीधे गहरी खाई में समा गई। शुरुआती जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर, तीव्र ढलान पर कार के अचानक ब्रेक फेल हो जाने को ही इस हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।
मृतकों की पहचान और परिजनों को सूचना
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, मृतकों की शिनाख्त कर ली गई है। हादसे का शिकार हुए लोग दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे, जो घूमने के लिए आए थे। मृतकों का विवरण इस प्रकार है:
- सत्यप्रकाश: निवासी सोनीपत, हरियाणा।
- मनीत (उम्र 19 वर्ष): कार सवार पर्यटक।
- सविता (उम्र 48 वर्ष): पत्नी धर्मवीर, निवासी 322 A नेहरू नगर, गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश।
- संगीता (उम्र 46 वर्ष): पत्नी टीटू, निवासी करोलबाग, दिल्ली।
पुलिस प्रशासन द्वारा कार सवार मृत व्यक्तियों के परिजनों को घटना की आधिकारिक सूचना दे दी गई है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें