Uttrakhand News - Morning News Bulletin Uttrakhand - 11 June 2026 #670 *ADW*
नमस्कार,
डीबीयूपी इंडिया द्वारा 3 वर्ष से प्रसारित हो रहे आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है!
चलिए बात करते हैं उत्तराखंड एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।
🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 बुलेटिन खबरें :
1- कारोबार : ₹3,050 करोड़ में इंटेलिस्मार्ट खरीदकर अडाणी एनर्जी बनी देश की सबसे बड़ी स्मार्ट मीटर कंपनी
अडाणी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड (AESL) ने ₹3,050 करोड़ में इंटेलिस्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर का 100% अधिग्रहण कर लिया है। इंटेलिस्मार्ट के पास यूपी, गुजरात, मध्य प्रदेश, बिहार और असम समेत कई राज्यों में 2.2 करोड़ से अधिक स्मार्ट मीटर हैं। इस सौदे के बाद AESL का कुल स्मार्ट मीटर पोर्टफोलियो 4.7 करोड़ से अधिक हो जाएगा और कंपनी देश की सबसे बड़ी स्मार्ट मीटरिंग प्लेटफॉर्म बन गई है। कंपनी के CEO कंदर्प पटेल के अनुसार इससे बिजली वितरण क्षेत्र के आधुनिकीकरण, बिलिंग में पारदर्शिता और उपभोक्ताओं को अधिक सटीक बिजली बिल उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
2- नई दिल्ली : 22% से 30% एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी खत्म, कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता घटाने की तैयारी
केंद्र सरकार ने E22, E25, E27 और E30 श्रेणी के एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल को एक्साइज ड्यूटी से मुक्त कर दिया है। हालांकि E20 पेट्रोल को इस छूट में शामिल नहीं किया गया है। सरकार का कहना है कि यह कदम विदेशी कच्चे तेल पर निर्भरता कम करने और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उठाया गया है। भारत अपनी तेल जरूरतों का बड़ा हिस्सा आयात करता है। विशेषज्ञों के अनुसार इस फैसले से तेल कंपनियों को अधिक एथेनॉल मिश्रण अपनाने का प्रोत्साहन मिलेगा, जबकि गन्ना और अन्य फीडस्टॉक आधारित एथेनॉल उत्पादन को भी बढ़ावा मिल सकता है।
3- उत्तराखंड : गलत तथ्यों के आधार पर CTET आवेदन पर शिकंजा, शिक्षकों को जारी NOC अगले आदेश तक स्थगित
प्रदेश में कुछ शिक्षकों द्वारा कथित तौर पर गलत जानकारी देकर CTET के लिए आवेदन करने के मामलों के बाद शिक्षा विभाग ने सख्ती दिखाई है। विभाग ने ऐसे शिक्षकों को जारी NOC (अनापत्ति प्रमाणपत्र) पर अगले आदेश तक रोक लगा दी है। जानकारी के अनुसार, वर्ष 2010 से पहले नियुक्त कुछ बीएड धारक शिक्षक CTET पात्रता न होने के बावजूद आवेदन में स्वयं को BTC या D.El.Ed योग्य दर्शा रहे थे। हरिद्वार के जिला शिक्षा अधिकारी अमित कुमार चंद ने पात्रता संबंधी स्थिति स्पष्ट न होने का हवाला देते हुए जारी NOC स्थगित करने के आदेश दिए हैं। अब संबंधित मामलों की पुनः जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
4- नैनीताल : कैंची धाम मेले के लिए महा ट्रैफिक प्लान जारी, 13 से 16 जून तक भारी वाहन और दोपहिया वाहनों पर प्रतिबंध
बाबा नीम करौली महाराज के कैंची धाम स्थापना दिवस और मेले को लेकर प्रशासन ने 13 से 16 जून तक विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। इस दौरान कैंची धाम मार्ग पर भारी माल वाहनों और दोपहिया वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। बाहरी राज्यों और विभिन्न जिलों से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं, जहां से शटल बसों के जरिए मंदिर तक पहुंचाया जाएगा। रोडवेज और केएमओयू बसों के लिए भी डायवर्जन प्लान लागू रहेगा। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से जारी ट्रैफिक प्लान का पालन करने की अपील की है ताकि मेले के दौरान जाम और अव्यवस्था से बचा जा सके।
5- उत्तराखंड मौसम : देहरादून समेत 8 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, तेज बारिश-ओलावृष्टि और 60 किमी प्रति घंटा तक हवाओं की चेतावनी
उत्तराखंड में गुरुवार सुबह से मौसम ने करवट ले ली है। देहरादून, टिहरी और अल्मोड़ा समेत कई क्षेत्रों में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी है। मौसम विभाग ने देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, टिहरी, नैनीताल, पिथौरागढ़, ऊधम सिंह नगर और चंपावत के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। 4200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का भी अनुमान है। विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश और प्री-मानसूनी गतिविधियां बनी रह सकती हैं।
✳️ अन्य बड़ी खबरें :
1- उत्तराखंड : 2027 चुनाव से पहले युवा कांग्रेस का हाईटेक फॉर्मूला, नेताओं की हर गतिविधि अब मोबाइल एप से होगी मॉनिटर
उत्तराखंड युवा कांग्रेस ने संगठन की गतिविधियों की निगरानी के लिए ‘With IYC’ एप को सक्रिय कर दिया है। अब धरना-प्रदर्शन, बैठक, सदस्यता अभियान या जनसंपर्क कार्यक्रम की फोटो, वीडियो, लोकेशन और रिपोर्ट एप पर अपलोड करना अनिवार्य होगा। संगठन के 500 से अधिक पदाधिकारी और एक लाख से ज्यादा युवाओं की गतिविधियां डिजिटल रूप से रिकॉर्ड की जाएंगी। एप के जरिए जानकारी सीधे राष्ट्रीय नेतृत्व तक पहुंचेगी। कांग्रेस इसे जवाबदेही और संगठनात्मक मजबूती का माध्यम बता रही है। साथ ही 2027 विधानसभा चुनाव से पहले बूथ स्तर तक सक्रिय कार्यकर्ताओं की पहचान और संगठन की वास्तविक स्थिति का आकलन करने की रणनीति के तौर पर भी देखा जा रहा है।
2- उत्तराखंड : SIR अभियान में तीन दिन में 19 लाख मतदाताओं तक पहुंचे गणनापत्र, चंपावत-अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ सबसे आगे
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत उत्तराखंड में तीन दिन के भीतर लगभग 19 लाख मतदाताओं तक गणनापत्र पहुंचाए गए हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने बुधवार को अभियान की समीक्षा करते हुए बताया कि प्रदेश में करीब 24 प्रतिशत मतदाताओं तक फॉर्म वितरित हो चुके हैं। चंपावत, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ वितरण कार्य में सबसे आगे हैं। वहीं देहरादून, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर में अपेक्षाकृत धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को अभियान तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। शहरी क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार, बीएलओ, आईटी वालंटियर और बूथ अवेयरनेस ग्रुप की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया है।
3- दिल्ली : न्यूजक्लिक मामले में हाईकोर्ट ने ED कार्रवाई और FIR रद्द की, कहा- पत्रकारिता पर शक्तियों का मनमाना इस्तेमाल हुआ
दिल्ली हाईकोर्ट ने न्यूज पोर्टल न्यूजक्लिक और उसके संस्थापक-संपादक प्रबीर पुरकायस्थ के खिलाफ विदेशी फंडिंग मामले में दर्ज FIR तथा प्रवर्तन निदेशालय (ED) की मनी लॉन्ड्रिंग जांच को रद्द कर दिया है। जस्टिस नीना बंसल कृष्णा ने टिप्पणी की कि उपलब्ध तथ्यों के आधार पर धोखाधड़ी या आपराधिक विश्वासघात का मामला नहीं बनता और कार्रवाई स्वतंत्र एवं निष्पक्ष पत्रकारिता पर शक्तियों के कथित मनमाने उपयोग जैसी प्रतीत होती है। यह मामला विदेशी निवेश, कथित फंडिंग अनियमितताओं और बाद में दर्ज UAPA केस के कारण लंबे समय से चर्चा में रहा था।
4- पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर : सेना का MI-17 हेलिकॉप्टर मुजफ्फराबाद के पास दुर्घटनाग्रस्त, 21 सुरक्षाकर्मियों के मारे जाने का दावा
पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में मुजफ्फराबाद के पास पाकिस्तानी सेना का MI-17 हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विभिन्न मीडिया रिपोर्टों में हेलिकॉप्टर में सवार 21 सुरक्षाकर्मियों के मारे जाने का दावा किया गया है, हालांकि पाकिस्तानी सेना ने आधिकारिक रूप से मृतकों की अंतिम संख्या की पुष्टि नहीं की है। शुरुआती जानकारी के अनुसार हेलिकॉप्टर नीलम घाटी क्षेत्र की ओर जा रहा था, जहां आरक्षित विधानसभा सीटों को लेकर विवाद और विरोध प्रदर्शनों के बीच अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए जा रहे थे। सेना प्रमुख आसिम मुनीर ने हादसे की जांच के आदेश दिए हैं।
5- टेक्नोलॉजी : रिलायंस और मेटा मिलकर बनाएंगे भारत का पहला AI-सक्षम डेटा सेंटर, जामनगर बनेगा नया डिजिटल हब
मेटा ने भारत में अपना पहला AI-इनेबल्ड डेटा सेंटर स्थापित करने के लिए रिलायंस इंडस्ट्रीज के साथ साझेदारी की घोषणा की है। गुजरात के जामनगर में बनने वाला यह डेटा सेंटर 168 मेगावाट क्षमता का होगा और इसे अगले दो वर्षों में तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। रिलायंस परियोजना के डिजाइन, निर्माण, ऊर्जा प्रबंधन और नेटवर्क सेवाओं की जिम्मेदारी संभालेगी। मुकेश अंबानी ने इसे भारत के डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए परिवर्तनकारी कदम बताया, जबकि मार्क जुकरबर्ग ने कहा कि इससे भारत में मेटा के दीर्घकालिक निवेश को मजबूती मिलेगी। कंपनी ने इसके साथ करीब 1 गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा साझेदारी की भी घोषणा की है।
⚡ नोट : सभी जनपदों की खबरें उस जनपद के कलस्टर में होंगी जिसका लिंक ग्रुप एवं न्यूज सेक्शन में मिलेगा। इस वक्त आप DBUP इंडिया - उत्तराखंड डेस्क की खबरें पढ़ रहे हैं। कोई भी त्रुटि या सूचना के लिए कृपया प्रदेश डेस्क पर संपर्क करें।
By : Bulletin Head & Team, Uttrakhand Desk, DBUP India
Desk WhatsApp : +91 841 70700 65
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें