Uttar Pradesh News - Morning News Bulletin Uttar Pradesh - 20 March 2026 #980 *ADW*
नमस्कार,
डीबीयूपी इंडिया द्वारा 3 वर्ष से प्रसारित हो रहे आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है!
चलिए बात करते हैं उत्तर प्रदेश एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।
🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 बुलेटिन खबरें :
1- लखनऊ : 12,200 गांवों तक बस सेवा पहुंचाने की तैयारी, आज योगी कैबिनेट में ‘मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना-2026’ पर फैसला संभव
प्रदेश के ग्रामीण इलाकों में सार्वजनिक परिवहन मजबूत करने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ‘मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना-2026’ शुरू करने की तैयारी में है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को लोकभवन में होने वाली कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव पर चर्चा हो सकती है। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के अनुसार प्रदेश के करीब 1 लाख गांवों में से 12,200 गांव अभी भी बस सेवा से वंचित हैं। योजना के तहत रोडवेज के साथ निजी ऑपरेटरों को भी गांवों तक बस चलाने की अनुमति दी जाएगी और परमिट में बड़ी रियायत दी जा सकती है। प्रस्तावित व्यवस्था के अनुसार बसें सुबह करीब 6 बजे गांव से चलकर 15-20 गांवों और ब्लॉक मुख्यालय से होती हुई लगभग 10 बजे जिला मुख्यालय पहुंचेंगी तथा शाम 4 बजे वापस लौटकर रात 8 बजे तक गांव पहुंचेंगी। इससे किसानों, महिलाओं और छात्रों को परिवहन में सुविधा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
2- नई दिल्ली : दूसरे राज्य में गाड़ी ट्रांसफर आसान करने की तैयारी, NOC खत्म कर ऑनलाइन ‘वाहन’ सिस्टम से वेरिफिकेशन का प्रस्ताव
केंद्र सरकार वाहन ट्रांसफर की प्रक्रिया को सरल बनाने की दिशा में बड़ा बदलाव कर सकती है। नीति आयोग की एक उच्चस्तरीय समिति ने सड़क परिवहन मंत्रालय (MoRTH) को सुझाव दिया है कि एक राज्य से दूसरे राज्य में वाहन ट्रांसफर के लिए ‘नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट’ (NOC) की अनिवार्यता समाप्त की जाए। प्रस्ताव के अनुसार अब केंद्रीय डिजिटल डेटाबेस ‘वाहन’ (VAHAN) के जरिए आरटीओ खुद ही वाहन का रिकॉर्ड, टैक्स स्थिति और लंबित चालान ऑनलाइन सत्यापित कर सकेगा, जिससे वाहन मालिक को पुराने आरटीओ के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। समिति ने यह भी सुझाव दिया है कि गाड़ियों को केवल उम्र के आधार पर कबाड़ घोषित करने के बजाय उनकी तकनीकी फिटनेस के आधार पर सड़क पर चलने की अनुमति दी जाए। यदि सख्त फिटनेस टेस्ट पास हो जाए तो 15 वर्ष से अधिक पुरानी गाड़ियां भी चल सकेंगी।
3- प्रयागराज/कौशांबी : ट्रेन में आशुतोष ब्रह्मचारी पर हमले का दावा, नाक-हाथ पर चोट; पुलिस जांच में CCTV और बयान खंगाले जा रहे
कथित तौर पर चलती ट्रेन में आशुतोष ब्रह्मचारी (आशुतोष पांडेय) पर हमला होने का मामला सामने आया है। आशुतोष के अनुसार 7 मार्च की रात गाजियाबाद से रीवा एक्सप्रेस के एसी-फर्स्ट कोच में यात्रा के दौरान सुबह करीब 5 बजे कौशांबी जिले के सिराथू स्टेशन के पास एक अज्ञात व्यक्ति ने धारदार हथियार से हमला किया, जिससे उनकी नाक और बाएं हाथ पर चोट आई। उन्होंने आरोप लगाया कि यह हमला शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के कथित इशारे पर हुआ। वहीं अविमुक्तेश्वरानंद ने रायबरेली में बयान देते हुए आरोपों को “दिखावा” बताया है। जीआरपी सीओ अरुण कुमार पाठक के अनुसार मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है, सिराथू और प्रयागराज के CCTV फुटेज खंगाले गए हैं तथा कोच में मौजूद यात्रियों से पूछताछ की गई है। हमले की जिम्मेदारी लेने वाली सोशल मीडिया आईडी भी कथित तौर पर फर्जी पाई गई है।
4- नई दिल्ली : मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की तैयारी, विपक्ष को साथ लाने में जुटी तृणमूल कांग्रेस
संसद के बजट सत्र के दूसरे चरण में राजनीतिक टकराव और तेज हो सकता है। लोकसभा स्पीकर के खिलाफ प्रस्ताव पर चर्चा के बाद अब तृणमूल कांग्रेस मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ भी अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी कर रही है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के अनुसार इस प्रस्ताव के लिए विपक्षी दलों को साथ लाने की कोशिश की जा रही है और कांग्रेस ने सिद्धांततः समर्थन देने की सहमति जताई है। संसदीय नियमों के मुताबिक नोटिस देने के लिए कम से कम 100 सांसदों के हस्ताक्षर जरूरी होंगे। तृणमूल का आरोप है कि मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण अभियान के कारण पश्चिम बंगाल में लगभग 60 लाख मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी विरोध जता चुकी हैं और पार्टी इसे राजनीतिक मुद्दा बनाने की कोशिश कर रही है। यदि प्रस्ताव आता है तो संसद के इतिहास में यह पहली बार होगा जब किसी सीईसी के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने का प्रयास होगा।
5- नई दिल्ली : NEET-UG 2026 आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ी, अब 11 मार्च रात 9 बजे तक भर सकेंगे फॉर्म; परीक्षा 3 मई को
मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG 2026 के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को एक और मौका मिला है। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ाकर 11 मार्च 2026 रात 9 बजे तक कर दी है। इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं, जबकि आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम समय सीमा रात 11:50 बजे निर्धारित की गई है। यह परीक्षा 3 मई 2026 को देशभर के विभिन्न केंद्रों पर ऑफलाइन यानी पेन-एंड-पेपर मोड में आयोजित की जाएगी। इसी परीक्षा के माध्यम से देश के मेडिकल और डेंटल कॉलेजों में MBBS और BDS पाठ्यक्रमों में प्रवेश मिलता है। आवेदन के दौरान अभ्यर्थियों को 10वीं-12वीं के प्रमाणपत्र, फोटो पहचान पत्र, श्रेणी प्रमाणपत्र (यदि लागू हो), पासपोर्ट साइज फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करने होंगे। सामान्य वर्ग के लिए शुल्क 1700 रुपये निर्धारित किया गया है।
✳️ अन्य बड़ी खबरें :
1- लखनऊ : दोनों डिप्टी सीएम की फ्लाइट में तकनीकी खराबी, रनवे की ओर बढ़ते समय रोका गया विमान; करीब एक घंटे बाद कोलकाता के लिए रवाना
लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सोमवार सुबह उस समय हलचल मच गई जब कोलकाता जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E-505 में उड़ान से पहले तकनीकी खराबी सामने आ गई। विमान में उत्तर प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी सवार थे। जानकारी के अनुसार सुबह 7:40 बजे उड़ान भरने वाली फ्लाइट की बोर्डिंग समय से पूरी हो गई थी, लेकिन रनवे की ओर बढ़ते समय पायलट को तकनीकी गड़बड़ी महसूस हुई। इसके बाद विमान को रोककर एप्रन पर वापस लाया गया और एयर ट्रैफिक कंट्रोल को सूचना दी गई। इंजीनियरों की टीम ने जांच के बाद खराबी को ठीक किया। इस प्रक्रिया में लगभग एक घंटे का समय लगा, जिस दौरान यात्री विमान में ही बैठे रहे। बाद में विमान सुबह करीब 8:43 बजे लखनऊ से रवाना हुआ और 10:21 बजे कोलकाता पहुंचा।
2- लखनऊ/जालौन/उन्नाव : ‘चमारी’, ‘चमरौआ’ और ‘चमरौली’ जैसे गांवों के नाम बदलने की मांग, सामाजिक सम्मान का हवाला देकर सीएम से मिलने की तैयारी
उत्तर प्रदेश में कुछ गांवों के नाम को लेकर नया विवाद सामने आया है। यूपी अनुसूचित जाति वित्त विकास निगम के पूर्व अध्यक्ष डॉ. लालजी प्रसाद निर्मल ने जालौन जिले के ‘चमारी’, बरेली के नवाबगंज तहसील के ‘चमरौआ’ और उन्नाव जिले के ‘चमरौली’ गांव के नामों पर आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि इन नामों का संबंध अनुसूचित जाति से जुड़ी एक जाति से माना जाता है और आजादी के लगभग 79 वर्ष बाद भी ऐसे नाम बने रहना सामाजिक संवेदनशीलता और सम्मान के दृष्टिकोण से उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि समाज में समानता और सम्मान की भावना मजबूत करने के लिए इन गांवों के नामों पर पुनर्विचार होना चाहिए। डॉ. निर्मल के अनुसार वह जल्द ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर इन गांवों के नाम बदलने का अनुरोध करेंगे। उन्होंने इस मुद्दे को महात्मा गांधी और डॉ. भीमराव आंबेडकर के सामाजिक न्याय के विचारों से भी जोड़ा है।
3- नई दिल्ली : राज्यसभा चुनाव से पहले 26 नेता निर्विरोध चुने गए, शरद पवार, सिंघवी और रामदास आठवले समेत कई बड़े नाम शामिल
दस राज्यों की 37 सीटों के लिए हो रहे राज्यसभा चुनाव में सात राज्यों के 26 उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं। इनमें राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद गुट) के प्रमुख शरद पवार, कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी, केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले और भाजपा नेता विनोद तावड़े जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं। कई राज्यों में विपक्षी दलों ने उम्मीदवार नहीं उतारे, जिसके कारण मतदान की आवश्यकता नहीं पड़ी। महाराष्ट्र, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, असम, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और हिमाचल प्रदेश में ये नेता बिना मुकाबले राज्यसभा पहुंचे हैं। वहीं अब बिहार की 5, ओडिशा की 4 और हरियाणा की 2 सीटों समेत कुल 11 सीटों पर चुनाव होना तय है, जहां 14 उम्मीदवार मैदान में हैं। इन सीटों के लिए 16 मार्च को मतदान कराया जाएगा। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार बिहार से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के भी राज्यसभा पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
4- कोलकाता : मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के दौरे पर विरोध, कालीघाट मंदिर के बाहर काले झंडे और ‘गो बैक’ के नारे
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा के लिए रविवार शाम कोलकाता पहुंचे, जहां उनके दौरे के दौरान विरोध प्रदर्शन भी देखने को मिला। सोमवार सुबह वह कालीघाट मंदिर में पूजा करने पहुंचे तो कुछ प्रदर्शनकारियों ने बाहर काले झंडे दिखाते हुए ‘गो बैक’ के नारे लगाए। इससे पहले एयरपोर्ट से होटल तक भी उनके काफिले के खिलाफ विरोध प्रदर्शन की खबरें सामने आई थीं। इस बीच चुनाव आयोग की फुल बेंच राज्य में राजनीतिक दलों से मुलाकात कर चुनाव से जुड़ी तैयारियों और सुझावों पर चर्चा कर रही है। भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने आयोग से मिलकर मांग की कि 2026 का पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव तीन चरणों में कराया जाए और संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की जाए। राज्य विधानसभा का कार्यकाल 7 मई 2026 को समाप्त होने वाला है और 294 सीटों के लिए अप्रैल में चुनाव होने की संभावना जताई जा रही है।
5- इस्लामाबाद : तेल महंगा होने के बाद पाकिस्तान में सख्त कटौती योजना, दफ्तर हफ्ते में 4 दिन खुलेंगे; मंत्रियों के विदेश दौरे और वेतन रोके गए
पाकिस्तान में बढ़ती तेल कीमतों के बीच प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने सरकारी खर्च कम करने के लिए कई बड़े फैसलों की घोषणा की है। सोमवार शाम घोषित इस योजना के तहत सरकारी दफ्तर अब सप्ताह में केवल चार दिन खुलेंगे और आधे कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम करना होगा। इसके अलावा इस सप्ताह के अंत से स्कूलों को दो सप्ताह के लिए बंद करने का निर्णय लिया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार मंत्रियों और सलाहकारों के विदेश दौरे फिलहाल रोक दिए गए हैं, जबकि मंत्री दो महीने तक वेतन नहीं लेंगे और सांसदों की सैलरी में 25% कटौती की जाएगी। सरकार ने यह कदम अमेरिका-इजराइल-ईरान तनाव के कारण कच्चे तेल की कीमत 60 डॉलर से बढ़कर करीब 100 डॉलर प्रति बैरल पहुंचने के बाद उठाया है। इसी बीच पाकिस्तान में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगभग 20% बढ़ोतरी की गई है, जिसके बाद पेट्रोल करीब 335.86 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गया है।
⚡ नोट : सभी जनपदों की खबरें उस जनपद के कलस्टर में होंगी जिसका लिंक ग्रुप एवं न्यूज सेक्शन में मिलेगा। इस वक्त आप DBUP इंडिया - उत्तर प्रदेश डेस्क की खबरें पढ़ रहे हैं। कोई भी त्रुटि या सूचना के लिए कृपया उत्तर प्रदेश डेस्क पर संपर्क करें।
By : Bulletin Head Ayush Tiwari & Team, Uttar Pradesh Desk, DBUP India
Desk WhatsApp : +91 888 7070 140
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें