Uttar Pradesh News - Morning News Bulletin Uttar Pradesh - 07 March 2026 #180 *ADW*
नमस्कार,
डीबीयूपी इंडिया द्वारा 3 वर्ष से प्रसारित हो रहे आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है!
चलिए बात करते हैं उत्तर प्रदेश एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।
🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 बुलेटिन खबरें :
1- नई दिल्ली : घरेलू LPG सिलेंडर 60 रुपये महंगा, 7 मार्च से नई कीमत लागू; ईरान युद्ध के बीच गैस किल्लत की आशंका पर सरकार ने उत्पादन बढ़ाने का आदेश दिया
केंद्र सरकार ने घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की बढ़ोतरी कर दी है। इसके बाद दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाला घरेलू LPG सिलेंडर अब 913 रुपये में मिलेगा, जो पहले 853 रुपये का था। वहीं 19 किलोग्राम के कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 115 रुपये का इजाफा हुआ है और इसकी कीमत 1883 रुपये हो गई है। नई दरें 7 मार्च 2026 से लागू हो गई हैं। बताया जा रहा है कि अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जारी युद्ध के कारण गैस सप्लाई प्रभावित होने की आशंका के बीच सरकार ने यह कदम उठाया है। 5 मार्च को सरकार ने आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत सभी रिफाइनरी कंपनियों को LPG उत्पादन बढ़ाने का आदेश भी दिया था। निर्देश दिया गया है कि प्रोपेन और ब्यूटेन का इस्तेमाल फिलहाल केवल रसोई गैस बनाने के लिए किया जाए ताकि उपभोक्ताओं को गैस सप्लाई में बाधा न आए।
2- कोच्चि : तकनीकी खराबी के बाद भारत पहुंचा ईरान का युद्धपोत IRIS लावन, 183 नौसैनिक भारतीय नौसेना की सुविधाओं में ठहरे; क्षेत्रीय तनाव के बीच मामला चर्चा में
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार ईरान का युद्धपोत IRIS लावन इस समय केरल के कोच्चि बंदरगाह पर मौजूद है। सरकारी सूत्रों के हवाले से बताया गया कि जहाज में तकनीकी खराबी आने के बाद ईरान ने 28 फरवरी को भारत से मदद मांगी थी। इसके बाद भारत ने 1 मार्च को जहाज को कोच्चि में डॉक करने की अनुमति दी और 4 मार्च को यह पोर्ट पर पहुंच गया। जहाज पर मौजूद 183 क्रू मेंबर फिलहाल भारतीय नौसेना की सुविधाओं में ठहरे हुए हैं। बताया जाता है कि यह युद्धपोत हाल ही में भारत में आयोजित इंटरनेशनल फ्लीट रिव्यू (IFR) 2026 और मिलान 2026 नौसैनिक अभ्यास में शामिल हुआ था। गौरतलब है कि इससे पहले अमेरिका द्वारा श्रीलंका के पास ईरानी युद्धपोत IRIS देना को कथित तौर पर निशाना बनाए जाने की खबरें भी सामने आई थीं, जिसमें कई नौसैनिकों की मौत हुई थी।
3- अंतरराष्ट्रीय : अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच युद्ध आठवें दिन भी जारी, 5000 से अधिक बम गिरने का दावा; 1200 से ज्यादा मौतें, खाड़ी देशों में भी तनाव बढ़ा
अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच जारी युद्ध शनिवार को आठवें दिन में प्रवेश कर गया है। अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार 28 फरवरी से शुरू हुए इस संघर्ष में अब तक अमेरिका और इजराइल की सेनाएं ईरान के कई सैन्य ठिकानों पर 5000 से अधिक बम गिरा चुकी हैं। हमलों में 1200 से अधिक लोगों की मौत होने का दावा किया गया है। इस बीच ईरान की ओर से भी इजराइल और खाड़ी देशों में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाने की खबरें सामने आई हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक कतर पर शुक्रवार को ईरान की ओर से भेजे गए 10 ड्रोन में से 9 को एयर डिफेंस सिस्टम ने मार गिराया। वहीं इजराइली सेना ने तेहरान के पश्चिमी हिस्से में व्यापक हमलों का दावा किया है। युद्ध के कारण खाड़ी क्षेत्र में तनाव बढ़ गया है और कई जगह बाजारों में सन्नाटा देखा जा रहा है।
4- बेंगलुरु : कर्नाटक में 16 साल से कम उम्र के बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल पर प्रस्तावित बैन, लागू हुआ तो देश का पहला राज्य बनेगा
कर्नाटक सरकार ने 16 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया उपयोग पर रोक लगाने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने शुक्रवार को बजट भाषण के दौरान कहा कि बच्चों में मोबाइल और सोशल मीडिया के बढ़ते इस्तेमाल का उनके मानसिक और सामाजिक विकास पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। प्रस्ताव के अनुसार यदि कोई नाबालिग सोशल मीडिया अकाउंट बनाना चाहता है तो उसके लिए माता-पिता की अनुमति और उम्र का सत्यापन अनिवार्य किया जा सकता है। यह प्रक्रिया डिजिटल पहचान या डिजिटल लॉकर के माध्यम से की जा सकती है। सरकार जल्द ही इस प्रस्ताव को लागू करने के लिए नियम तैयार करेगी। इसी तरह आंध्र प्रदेश सरकार भी 13 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के सोशल मीडिया उपयोग पर रोक लगाने की तैयारी कर रही है। इस फैसले को बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा और साइबर जोखिम कम करने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।
5- लखनऊ : यूपी में टीईटी अनिवार्यता के विरोध में शिक्षक संगठनों का आंदोलन तेज, 15 मार्च तक जिलों में निकाले जाएंगे मशाल जुलूस
उत्तर प्रदेश में शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) की अनिवार्यता के विरोध में शिक्षक संगठन आंदोलन तेज करने जा रहे हैं। यूनाइटेड टीचर्स एसोसिएशन (यूटा) ने घोषणा की है कि 7 मार्च से 15 मार्च तक प्रदेश के अलग-अलग जिलों में शाम के समय मशाल जुलूस निकालकर विरोध दर्ज कराया जाएगा। शनिवार शाम 5:30 बजे बरेली समेत पांच जिलों में पहला जुलूस निकाला जाएगा। संगठन की मांग है कि शिक्षा का अधिकार अधिनियम (RTE) लागू होने से पहले नियुक्त शिक्षकों को टीईटी से छूट दी जाए। यूटा के प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्र सिंह राठौर ने कहा कि यदि सरकार ने मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इसी बीच 7 मार्च को दिल्ली में टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (TFI) के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक भी प्रस्तावित है, जिसमें राजधानी में बड़े प्रदर्शन की तिथि तय की जा सकती है।
✳️ अन्य बड़ी खबरें :
1- मेरठ : अवैध खनन की शिकायत करने वाले युवक को थाने में थर्ड डिग्री देने का आरोप, SSP से शिकायत; पुलिस ने आरोपों को बताया निराधार
मेरठ के जानी थाना क्षेत्र में अवैध खनन की शिकायत करने वाले एक युवक ने पुलिस पर हिरासत में थर्ड डिग्री देने का गंभीर आरोप लगाया है। बहरामपुर खास निवासी दीपेश शर्मा के अनुसार 23 फरवरी को उनके घर में शादी की तैयारी चल रही थी, तभी सड़क पर अवैध खनन कर मिट्टी से डंपर भरे जा रहे थे। विरोध करने पर एक वाहन ने उनकी कार को टक्कर मार दी। उन्होंने इसकी शिकायत जानी थाने में की, लेकिन कथित तौर पर पुलिस ने उन्हें ही हिरासत में ले लिया। दीपेश का आरोप है कि 5 मार्च को फिर हिरासत में लेकर पुलिसकर्मियों ने मारपीट की और पानी भरी बाल्टी में मुंह डुबोकर यातना दी, बाद में शांतिभंग में चालान कर दिया। जमानत मिलने के बाद शुक्रवार को उन्होंने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर कार्रवाई की मांग की। वहीं सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में नहीं आया है और थाने में CCTV लगे हैं, फिर भी जांच कराई जाएगी।
2- कानपुर : JEE एडवांस परीक्षा में बड़े बदलाव की तैयारी, छात्रों की क्षमता के अनुसार बदलेंगे प्रश्न; IIT कानपुर ने तैयार किया नया ‘एप्टीट्यूड टेस्ट’ फॉर्मेट
आईआईटी में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली JEE एडवांस परीक्षा प्रणाली में बड़ा बदलाव करने की तैयारी चल रही है। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत परीक्षा को ‘एडेप्टिव’ बनाया जा सकता है, जिसमें छात्रों की क्षमता के अनुसार प्रश्नों का स्तर बदलता रहेगा। बताया जा रहा है कि यदि कोई छात्र किसी प्रश्न का उत्तर नहीं दे पाता तो अगला प्रश्न अपेक्षाकृत आसान होगा, जबकि सही उत्तर देने पर अगला सवाल अधिक कठिन हो सकता है। इस नए ‘न्यू एप्टीट्यूड टेस्ट’ फॉर्मेट का खाका IIT कानपुर ने तैयार किया है। संस्थान के निदेशक प्रो. मणींद्र अग्रवाल के अनुसार इससे छात्रों की वास्तविक समझ, तार्किक क्षमता और समस्या समाधान कौशल का बेहतर आकलन किया जा सकेगा। फिलहाल यह मॉडल परीक्षण चरण में है और पायलट प्रोजेक्ट के रूप में लागू करने की तैयारी है। हालांकि इसे लागू करने से पहले IIT काउंसिल समेत प्रवेश प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न निकायों की मंजूरी आवश्यक होगी।
3- वॉशिंगटन : ईरान युद्ध के बीच ट्रंप का बड़ा संकेत, अमेरिकी हथियार उत्पादन चार गुना बढ़ाने की योजना; रक्षा कंपनियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक का दावा
पश्चिम एशिया में जारी अमेरिका-इजराइल और ईरान के संघर्ष के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने देश के हथियार उत्पादन को चार गुना बढ़ाने की योजना का एलान किया है। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि उन्होंने हाल ही में अमेरिका की प्रमुख रक्षा कंपनियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की, जिसमें उत्पादन और प्रोडक्शन शेड्यूल पर चर्चा हुई। इस बैठक में बीएई सिस्टम्स, बोइंग, हनीवेल एयरोस्पेस, एल3 हैरिस, लॉकहीड मार्टिन, नॉर्थ्रॉप ग्रुमन और रेथियन जैसी कंपनियों के प्रमुख शामिल बताए गए हैं। ट्रंप के अनुसार इन कंपनियों ने उन्नत हथियारों के उत्पादन को तेजी से बढ़ाने पर सहमति जताई है। उन्होंने यह भी दावा किया कि कई हथियारों का उत्पादन विस्तार पहले ही शुरू हो चुका है। विशेषज्ञों के मुताबिक बढ़ते क्षेत्रीय तनाव के बीच अमेरिका अपनी सैन्य क्षमता मजबूत करने और संभावित संघर्षों के लिए तैयारी का संकेत देना चाहता है।
4- लखनऊ : 14-15 मार्च की पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर सख्ती, सोशल मीडिया पर प्रश्नपत्र या परीक्षा सामग्री साझा करने पर होगी कानूनी कार्रवाई
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने उपनिरीक्षक एवं समकक्ष पदों की भर्ती परीक्षा को लेकर कड़े निर्देश जारी किए हैं। यह परीक्षा 14 और 15 मार्च को आयोजित होनी है। बोर्ड ने चेतावनी दी है कि यदि कोई कंटेंट क्रिएटर, यूट्यूबर या अन्य व्यक्ति सोशल मीडिया पर प्रश्नपत्र, परीक्षा सामग्री या उससे जुड़ी चर्चा और विश्लेषण का प्रसार करता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए भर्ती बोर्ड की टीमें सोशल मीडिया की निगरानी कर रही हैं। बोर्ड के अनुसार ऐसा करने वालों पर उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम-2024 के तहत मामला दर्ज किया जा सकता है। साथ ही यदि कोई अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र से ओएमआर शीट या परीक्षा सामग्री अनधिकृत रूप से ले जाते या साझा करते पाया गया तो उसे परीक्षा से अयोग्य घोषित किया जा सकता है। यह कदम परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए उठाया गया है।
5- लखनऊ : डिलीवरी के बाद महिला को मृत बताने का आरोप, परिजनों के हंगामे पर ICU से जिंदा निकली; बाद में KGMU में इलाज के दौरान मौत
लखनऊ के PGI थाना क्षेत्र स्थित वृंदावन योजना के कृष्णा लाइफ लाइन अस्पताल में इलाज को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों ने ऑपरेशन के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया और उनसे डेथ सर्टिफिकेट पर हस्ताक्षर भी करा लिए। मृतका की पहचान नगराम के इस्माइलनगर निवासी आशु रावत की पत्नी चांदनी कुमारी (22) के रूप में हुई है। बताया गया कि गुरुवार शाम ऑपरेशन के बाद उसने बेटे को जन्म दिया था, जिसके बाद उसकी हालत गंभीर बताकर ICU में भर्ती किया गया। परिजनों के अनुसार इलाज के नाम पर लगातार पैसे जमा कराए गए और शुक्रवार सुबह मौत की सूचना दी गई। आरोप है कि हंगामा होने पर अस्पताल प्रबंधन ने महिला को ICU से बाहर निकाला तो उसकी सांसें चल रही थीं। बाद में उसे बलरामपुर अस्पताल और फिर KGMU रेफर किया गया, जहां शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे उसकी मौत हो गई। अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि मरीज को स्प्लीनिक एन्यूरिज्म के कारण गंभीर रक्तस्राव हुआ था।
⚡ नोट : सभी जनपदों की खबरें उस जनपद के कलस्टर में होंगी जिसका लिंक ग्रुप एवं न्यूज सेक्शन में मिलेगा। इस वक्त आप DBUP इंडिया - उत्तर प्रदेश डेस्क की खबरें पढ़ रहे हैं। कोई भी त्रुटि या सूचना के लिए कृपया उत्तर प्रदेश डेस्क पर संपर्क करें।
By : Bulletin Head Ayush Tiwari & Team, Uttar Pradesh Desk, DBUP India
Desk WhatsApp : +91 888 7070 140
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें