Uttar Pradesh News - Morning News Bulletin Uttar Pradesh - 16 April 2026 #980 *ADW*
नमस्कार,
डीबीयूपी इंडिया द्वारा 3 वर्ष से प्रसारित हो रहे आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है!
चलिए बात करते हैं उत्तर प्रदेश एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।
🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 बुलेटिन खबरें :
1- बेंगलुरु : RCB की शानदार जीत से पॉइंट्स टेबल में शीर्ष पर वापसी, लखनऊ को 5 विकेट से हराया; कोहली 49 रन पर चूके अर्धशतक से
बुधवार 15 अप्रैल 2026 को खेले गए IPL मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 5 विकेट से हराकर सीजन की चौथी जीत दर्ज की। बेंगलुरु ने 147 रन का लक्ष्य 15.1 ओवर में हासिल कर लिया। विराट कोहली ने सर्वाधिक 49 रन बनाए, जबकि रजत पाटीदार (27) और जितेश शर्मा (23) ने अहम योगदान दिया। इससे पहले लखनऊ की टीम 146 रन पर ऑलआउट हो गई, जिसमें मिचेल मार्श ने 40 रन बनाए। बेंगलुरु की ओर से रसिख सलाम ने 4 विकेट, भुवनेश्वर कुमार ने 3 विकेट झटके। जोश हेजलवुड को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इस जीत के साथ RCB 8 अंकों के साथ टेबल में शीर्ष पर पहुंच गई, जबकि लखनऊ 7वें स्थान पर खिसक गई।
2- लखनऊ/नई दिल्ली : परिसीमन के बाद यूपी में लोकसभा सीटें 80 से बढ़कर 120 तक होने की संभावना, 131वां संविधान संशोधन बिल आज संसद में
केंद्र सरकार आज से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र में परिसीमन आयोग के गठन और 131वें संविधान संशोधन बिल को पेश करेगी। सूत्रों के अनुसार, यदि बिल 2/3 बहुमत से पास होता है तो देश में लोकसभा सीटें 543 से बढ़ाकर 850 तक की जा सकती हैं। जनसंख्या के आधार पर यूपी की सीटें मौजूदा 80 से बढ़कर 120-130 तक हो सकती हैं। प्रस्तावित बदलाव के अनुसार 33% सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी, यानी करीब 40 सीटें महिलाओं के हिस्से में आ सकती हैं। वहीं विधानसभा सीटें भी 403 से बढ़कर 550-600 तक हो सकती हैं। हालांकि 2027 का चुनाव पुरानी सीटों पर ही होगा, जबकि 2032 से नई व्यवस्था लागू होने की संभावना जताई जा रही है।
3- प्रयागराज : ट्रेन से कटकर 5 लोगों की दर्दनाक मौत, कालका एक्सप्रेस से गिरने के बाद दूसरा हादसा; 30 मीटर तक बिखरे शव
प्रयागराज में बुधवार शाम करीब 7:30 बजे पचदेवरा हाल्ट के पास बड़ा रेल हादसा हुआ, जिसमें 5 लोगों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, पहले कालका एक्सप्रेस से एक व्यक्ति (बलिराम, निवासी सिवान, बिहार) गिरकर कट गया। इसके बाद यात्रियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रोक दी और कुछ लोग ट्रैक पर उतर गए। इसी दौरान दूसरी दिशा से आ रही पुरुषोत्तम एक्सप्रेस ने 4 लोगों को अपनी चपेट में ले लिया, जिनमें फिरोजाबाद निवासी आकाश (19) समेत अन्य शामिल हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भीषण था कि शव कई टुकड़ों में बिखर गए। जीआरपी एसपी प्रशांत वर्मा के अनुसार, यह हादसा यात्रियों के ट्रैक पर उतरने के कारण हुआ। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
4- लखनऊ : विकासनगर में भीषण आग से 250 से अधिक झोपड़ियां जलकर राख, 30 सिलेंडर फटे; युवक का दावा- 4 बच्चों की जलकर मौत
लखनऊ के विकासनगर इलाके में बुधवार शाम करीब 5:30 बजे भीषण आग लग गई, जिसमें 250 से ज्यादा झुग्गी-झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। आग के दौरान 30 से अधिक गैस सिलेंडर फटने से स्थिति और भयावह हो गई। लपटें करीब 10 किलोमीटर दूर तक दिखाई दीं। फायर ब्रिगेड की 20 गाड़ियों ने करीब 3 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आसपास के 20 मकानों को एहतियातन खाली कराया गया। एक पीड़ित युवक ने दावा किया है कि उसके 4 बच्चों की जलकर मौत हो गई, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। कुछ स्थानीय लोगों ने आग लगाए जाने का आरोप भी लगाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तत्काल राहत-बचाव के निर्देश दिए, वहीं डिप्टी CM ब्रजेश पाठक ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
5- पटना : सम्राट चौधरी ने बिहार के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में ली शपथ, गृह समेत 29 विभाग संभालेंगे; जदयू के दो नेता बने डिप्टी CM
पटना में गुरुवार 16 अप्रैल 2026 को सम्राट चौधरी ने बिहार के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने लोकभवन में उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उनके साथ जदयू के विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव ने डिप्टी CM पद की शपथ ली। नई सरकार में सम्राट चौधरी के पास गृह समेत 29 विभाग रहेंगे, जबकि विजय चौधरी को 10 और बिजेंद्र यादव को 8 विभाग सौंपे गए हैं। मंत्रिमंडल का विस्तार अभी बाकी है। यह बिहार में भाजपा नेतृत्व वाली पहली सरकार मानी जा रही है। शपथ से पहले सम्राट चौधरी ने पंचमुखी हनुमान मंदिर में पूजा की। कार्यक्रम में कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे, जबकि पूर्व CM नीतीश कुमार भी समारोह में शामिल हुए।
✳️ अन्य बड़ी खबरें :
1- अंतरराष्ट्रीय : ईरान की तीन अहम समुद्री रास्ते बंद करने की धमकी, होर्मुज पर अमेरिकी नाकेबंदी जारी रही तो रेड सी समेत व्यापार रोकने का ऐलान
ईरान ने अमेरिका की ओर से होर्मुज जलडमरूमध्य और बंदरगाहों पर जारी नौसैनिक नाकेबंदी के बीच बड़ा बयान दिया है। ईरानी सेना के केंद्रीय कमांड के चीफ अली अब्दोल्लाही के अनुसार, यदि यह नाकेबंदी जारी रहती है तो ईरान रेड सी, ओमान सागर और पर्शियन गल्फ में समुद्री व्यापार पूरी तरह रोक सकता है। अमेरिका ने हाल ही में ईरानी तेल निर्यात को लेकर सख्ती बढ़ाई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक चीनी टैंकर ‘रिच स्टैरी’ नाकेबंदी तोड़ने में नाकाम रहा। वहीं, पाकिस्तान के आर्मी चीफ आसिम मुनीर तेहरान पहुंचे हैं और अमेरिका-ईरान के बीच संभावित बातचीत को लेकर प्रयास जारी हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने भी अगले दो दिनों में वार्ता फिर शुरू होने की संभावना जताई है।
2- पश्चिम बंगाल : चुनाव के बीच ममता बनर्जी का केंद्रीय बलों पर निशाना, गाड़ी चेकिंग को लेकर उठाए सवाल; BJP ने महिलाओं को ₹3000 देने का वादा किया
पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल के बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्रीय बलों द्वारा कथित तौर पर गाड़ियों की जांच को लेकर कड़ा विरोध जताया है। ममता ने दावा किया कि कोलकाता एयरपोर्ट जाते समय उनकी गाड़ी की जांच की कोशिश हुई, जिस पर उन्होंने सवाल उठाया कि क्या प्रधानमंत्री और गृहमंत्री की गाड़ियों की भी जांच होती है। TMC ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर आरोप लगाया कि उनके नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है। वहीं भाजपा ने ‘मातृशक्ति भरोसा कार्ड’ लॉन्च कर सत्ता में आने पर महिलाओं को हर महीने ₹3000 देने का वादा किया है। गृह मंत्री अमित शाह ने भी रैली में TMC पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। राज्य में पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को होना है।
3- उत्तर प्रदेश : भीषण गर्मी का कहर, पहली बार पारा 44°C पार; अगले 5 दिनों में 45°C तक पहुंचने की चेतावनी, लू चलने के आसार
उत्तर प्रदेश में गर्मी ने अप्रैल में ही रिकॉर्ड तोड़ना शुरू कर दिया है। बुधवार को पहली बार इस सीजन में तापमान 44°C के पार पहुंच गया, जबकि 16 जिलों में पारा 40°C से ऊपर दर्ज किया गया। बांदा सबसे गर्म रहा, जहां 44.8°C तापमान रिकॉर्ड हुआ। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, अगले 4-5 दिनों में तापमान 3 से 6 डिग्री तक और बढ़ सकता है, जिससे कई जिलों में पारा 45°C तक पहुंचने की संभावना है। बारिश के आसार अगले 10 दिनों तक नहीं हैं और लू चलने की चेतावनी दी गई है। गर्मी का असर चिड़ियाघरों में भी दिख रहा है, जहां जानवरों को ठंडा रखने के लिए पानी की फुहारें और कीचड़ के तालाब बनाए जा रहे हैं। इस साल अल-नीनो के प्रभाव से मानसून भी कमजोर रहने की आशंका जताई गई है।
4- झांसी : इंजीनियरिंग छात्र ने हॉस्टल में फांसी लगाकर दी जान, 11 विषयों में बैक से डिप्रेशन में होने का दावा; पुलिस जांच में जुटी
झांसी के बुंदेलखंड इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (BIET) में बीटेक थर्ड ईयर के छात्र अभिषेक गौतम (23) ने बुधवार को कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। उसका शव हॉस्टल के कमरे में पंखे से लटका मिला। सहपाठियों के अनुसार, छात्र के 11 विषयों में बैक (फेल) थी, जिससे वह डिप्रेशन में था। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में परीक्षा के दबाव को कारण माना जा रहा है, हालांकि छात्र का मोबाइल लॉक होने के कारण विस्तृत जानकारी का इंतजार है। परिजनों ने मौत पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। अभिषेक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर जांच शुरू कर दी है।
5- लखनऊ : महिला आरक्षण और परिसीमन पर अखिलेश यादव का भाजपा पर हमला, पिछड़े वर्ग की महिलाओं के अधिकार दबाने का आरोप
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने महिला आरक्षण और प्रस्तावित परिसीमन को लेकर भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि यह कदम पिछड़े वर्ग (PDA) के अधिकारों को कम करने की साजिश का हिस्सा है। अखिलेश के अनुसार, भाजपा जानबूझकर जनगणना टालना चाहती है, क्योंकि इससे जातिवार आंकड़े और आरक्षण की मांग मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी महिला आरक्षण के पक्ष में है, लेकिन उसमें पिछड़े, एससी-एसटी वर्ग की महिलाओं के लिए अलग कोटा जरूरी है। अखिलेश ने यह भी आरोप लगाया कि महंगाई और गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों से महिलाओं पर सबसे ज्यादा असर पड़ा है। उन्होंने इस पूरे मुद्दे को लोकतंत्र के खिलाफ ‘गुप्त योजना’ करार दिया।
⚡ नोट : सभी जनपदों की खबरें उस जनपद के कलस्टर में होंगी जिसका लिंक ग्रुप एवं न्यूज सेक्शन में मिलेगा। इस वक्त आप DBUP इंडिया - उत्तर प्रदेश डेस्क की खबरें पढ़ रहे हैं। कोई भी त्रुटि या सूचना के लिए कृपया उत्तर प्रदेश डेस्क पर संपर्क करें।
By : Bulletin Head Ayush Tiwari & Team, Uttar Pradesh Desk, DBUP India
Desk WhatsApp : +91 888 7070 140
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें