Uttar Pradesh News - Morning News Bulletin Uttar Pradesh - 01 May 2026 #980 *ADW*
नमस्कार,
डीबीयूपी इंडिया द्वारा 3 वर्ष से प्रसारित हो रहे आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है!
चलिए बात करते हैं उत्तर प्रदेश एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।
🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 बुलेटिन खबरें :
1- नई दिल्ली : कमर्शियल गैस सिलिंडर ₹993 महंगा, 19 किलो सिलिंडर अब ₹3071.50; घरेलू LPG, पेट्रोल-डीजल के दाम स्थिर
एक मई से 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलिंडर की कीमत में ₹993 की बड़ी बढ़ोतरी की गई है। दिल्ली में अब इसकी नई कीमत ₹3071.50 हो गई है। समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार यह संशोधन आज से लागू हुआ। वहीं 14.2 किलो घरेलू गैस सिलिंडर के दामों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन ने कहा कि आम उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए पेट्रोल, डीजल, घरेलू LPG और PDS केरोसिन की कीमतें स्थिर रखी गई हैं। कंपनियों के अनुसार बदलाव मुख्य रूप से औद्योगिक और वाणिज्यिक उपयोग वाले ईंधनों में किया गया है।
2- कोलकाता : EVM स्ट्रॉन्ग रूम विवाद पर ममता देर रात पहुंचीं, छेड़छाड़ के आरोपों से बंगाल की राजनीति गरमाई
पश्चिम बंगाल में मतगणना से पहले EVM स्ट्रॉन्ग रूम को लेकर बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी देर रात कोलकाता के सखावत मेमोरियल स्कूल स्थित स्ट्रॉन्ग रूम पहुंचीं और करीब चार घंटे वहां रहीं। बाहर निकलकर उन्होंने कथित गड़बड़ी की कोशिश होने पर कड़ा विरोध जताया। TMC ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर दावा किया कि चुनाव आयोग के अधिकारी भाजपा नेताओं के साथ बैलेट बॉक्स खोलने की कोशिश कर रहे थे। चुनाव आयोग ने इन आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि केवल पोस्टल बैलेट की छंटाई की जा रही थी और सभी EVM सुरक्षित हैं।
3- मेरठ : कूलर पर जल रही मोमबत्ती से झोपड़ी में आग, ढाई साल के मासूम की जिंदा जलकर मौत
मेरठ के कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में गुरुवार रात दर्दनाक हादसा हो गया। खिर्वा रोड स्थित जेवरी नाले के पास बनी झोपड़ी में आग लगने से ढाई वर्षीय इब्राहिम की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार पश्चिम बंगाल निवासी मजदूर युसूफ अली परिवार सहित यहां रहते हैं। बताया गया कि बच्चे की मां जरीना उसे सुलाकर कूलर पर जलती मोमबत्ती छोड़ पास में अपने पिता के घर चली गई थीं। इसी दौरान मोमबत्ती गिरने से झोपड़ी में आग लग गई। आग तेजी से फैलने के कारण मासूम बाहर नहीं निकल सका। दमकल टीम ने पहुंचकर आग बुझाई, जबकि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
4- उत्तर प्रदेश : 100 किमी प्रति घंटे तक तूफान का अलर्ट, 36 घंटे में 17 मौतें; कई जिलों में आंधी-बारिश जारी
प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बिगड़ा हुआ है। शुक्रवार सुबह गोरखपुर, देवरिया समेत कई जिलों में बारिश दर्ज की गई, जबकि अन्य क्षेत्रों में तेज हवाएं और बादल छाए रहे। मौसम विभाग ने पूर्वी यूपी में 80 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान चलने की आशंका जताई है। बीते 36 घंटों में आंधी-बारिश से 17 लोगों की मौत की सूचना है। गाजियाबाद, नोएडा, आगरा, मथुरा सहित कई जिलों में गुरुवार को ओलावृष्टि भी हुई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फसल नुकसान का सर्वे कर प्रभावित किसानों को जल्द मुआवजा देने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।
5- लखनऊ : इंडिगो फ्लाइट के सामने रनवे पर आया बंदर, पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर टाला बड़ा हादसा
लखनऊ एयरपोर्ट पर गुरुवार सुबह रायपुर जाने वाली इंडिगो फ्लाइट के टेकऑफ से पहले रनवे पर अचानक बंदर आ जाने से हड़कंप मच गया। सूत्रों के अनुसार 135 यात्रियों को लेकर उड़ान भरने जा रही फ्लाइट 6E-6521 रनवे पर गति पकड़ चुकी थी, तभी पायलट ने बंदर देखकर तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाए। इसके बाद विमान को टैक्सी-वे पर ले जाकर दोबारा सुरक्षा जांच की गई। रनवे से बंदर हटाने के बाद ATC क्लियरेंस मिलने पर फ्लाइट करीब सवा घंटे देरी से सुबह 10:05 बजे रवाना हुई। हालांकि एयरपोर्ट प्रवक्ता ने ऐसी घटना से इनकार किया है।
✳️ अन्य बड़ी खबरें :
1- लखनऊ : तेज आंधी बनी जानलेवा आफत, कैंसर अस्पताल के दो कर्मियों पर गिरा सेमर का पेड़; ड्यूटी जाते समय मौत
राजधानी लखनऊ के कैंट क्षेत्र में गुरुवार सुबह तेज आंधी के दौरान बड़ा हादसा हो गया। दिलकुशा गार्डन परिसर में बाइक से ड्यूटी जा रहे कल्याण सिंह कैंसर अस्पताल के दो कर्मचारियों पर अचानक सेमर का पेड़ गिर पड़ा। हादसे में बस्ती निवासी रवि शंकर पांडे (28) और मऊ निवासी बालकिशन (27) गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद पेड़ हटाया और दोनों को सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी रही और यातायात भी कुछ समय बाधित रहा।
2- मऊ : मंत्री ओमप्रकाश राजभर के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी, 2019 चुनावी भाषण मामले में कोर्ट सख्त
मऊ की MP-MLA कोर्ट ने कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है। मामला 2019 लोकसभा चुनाव के दौरान रतनपुरा बाजार में हुई जनसभा से जुड़ा बताया गया है। अभियोजन पक्ष के अनुसार, उस सभा में भाजपा नेताओं के खिलाफ कथित आपत्तिजनक बयान दिया गया था और वोट मांगने आने पर जूते मारने जैसी बात कही गई थी। इस प्रकरण में हलधरपुर थाने में एफआईआर दर्ज हुई थी। कोर्ट के अनुसार बार-बार तलब किए जाने के बावजूद पेशी पर उपस्थित न होने के कारण यह सख्त कार्रवाई की गई। मामले की अगली सुनवाई 16 मई को तय की गई है।
3- मुंबई : अडाणी पोर्ट्स का चौथी तिमाही मुनाफा 10% बढ़कर ₹3,329 करोड़, शेयरधारकों को ₹7.50 डिविडेंड प्रस्तावित
अडाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक ज़ोन ने वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही के नतीजे जारी किए हैं। कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 10% बढ़कर ₹3,329 करोड़ रहा, जो पिछले वर्ष इसी अवधि में ₹3,014 करोड़ था। कंपनी का रेवेन्यू 26% बढ़कर ₹10,737 करोड़ पहुंच गया। बोर्ड ने ₹7.50 प्रति शेयर डिविडेंड की सिफारिश की है, जिसकी रिकॉर्ड डेट 12 जून तय की गई है। कंपनी ने दावा किया कि वह एक वर्ष में 500 MMT से अधिक कार्गो संभालने वाली पहली भारतीय इंटीग्रेटेड ट्रांसपोर्ट ऑपरेटर बन गई है।
4- तेहरान : ईरान बोला- होर्मुज मार्ग से भारतीय जहाजों पर रोक नहीं, चाबहार रेलवे लाइन का 90% काम पूरा
भारत में ईरान के राजदूत डॉ. मोहम्मद फतहाली ने कहा है कि मौजूदा क्षेत्रीय तनाव के बावजूद होर्मुज स्ट्रेट से भारतीय जहाजों की आवाजाही पर कोई रोक नहीं है। उनके अनुसार भारत सहित मित्र देशों के जहाज सामान्य रूप से गुजर सकते हैं और कई भारतीय जहाज हाल में इस मार्ग से निकले भी हैं। उन्होंने कहा कि ईरान में रह रहे करीब 10 हजार भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है। राजदूत ने चाबहार पोर्ट परियोजना को अहम बताते हुए कहा कि चाबहार-जोहेदान रेलवे लाइन का लगभग 90% कार्य पूरा हो चुका है और शेष काम जल्द समाप्त होगा।
5- नई दिल्ली : सुप्रीम कोर्ट ने रेप पीड़िताओं के गर्भपात पर समय सीमा हटाने का सुझाव दिया, केंद्र से कानून बदलने को कहा
सुप्रीम कोर्ट ने रेप पीड़िताओं के गर्भपात मामलों में मौजूदा समय सीमा पर पुनर्विचार का संकेत दिया है। 15 वर्षीय पीड़िता के 30 हफ्ते की गर्भावस्था में अबॉर्शन मामले की सुनवाई के दौरान कोर्ट ने केंद्र सरकार से कहा कि ऐसे मामलों में कानून समय के अनुसार बदला जाना चाहिए। वर्तमान नियमों के तहत सामान्यतः 24 हफ्ते तक गर्भपात की अनुमति है। पीठ ने कहा कि नाबालिग को जबरन मां बनने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता और ऐसे मामलों में पीड़िता की इच्छा सर्वोपरि होनी चाहिए। कोर्ट ने पहले AIIMS दिल्ली में मेडिकल प्रक्रिया कराने की अनुमति दी थी।
⚡ नोट : सभी जनपदों की खबरें उस जनपद के कलस्टर में होंगी जिसका लिंक ग्रुप एवं न्यूज सेक्शन में मिलेगा। इस वक्त आप DBUP इंडिया - उत्तर प्रदेश डेस्क की खबरें पढ़ रहे हैं। कोई भी त्रुटि या सूचना के लिए कृपया उत्तर प्रदेश डेस्क पर संपर्क करें।
By : Bulletin Head Ayush Tiwari & Team, Uttar Pradesh Desk, DBUP India
Desk WhatsApp : +91 888 7070 140
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें