Uttar Pradesh News - Morning News Bulletin Uttar Pradesh - 02 May 2026 #980 *ADW*
नमस्कार,
डीबीयूपी इंडिया द्वारा 3 वर्ष से प्रसारित हो रहे आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है!
चलिए बात करते हैं उत्तर प्रदेश एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।
🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 बुलेटिन खबरें :
1- नई दिल्ली : भारत को जल्द मिलेंगी हाइपरसोनिक मिसाइलें, ब्रह्मोस से दोगुनी रफ्तार का दावा; अग्नि-6 परियोजना भी तैयार
डीआरडीओ प्रमुख समीर वी. कामत के अनुसार भारत तेजी से हाइपरसोनिक ग्लाइड मिसाइल और हाइपरसोनिक क्रूज मिसाइल तकनीक पर काम कर रहा है। बताया गया कि इनकी गति सुपरसोनिक ब्रह्मोस मिसाइल से करीब दोगुनी हो सकती है, जिससे इन्हें रोकना बेहद कठिन माना जा रहा है। ग्लाइड मिसाइल का पहला परीक्षण जल्द संभव बताया गया है। स्क्रैमजेट इंजन आधारित क्रूज मिसाइल के प्रोपल्शन सिस्टम का 1,000 सेकंड से अधिक सफल परीक्षण होने की जानकारी दी गई। औपचारिक मंजूरी के बाद 5 वर्षों में इसे सेना में शामिल करने का लक्ष्य है। साथ ही, अग्नि-6 मिसाइल कार्यक्रम के लिए तकनीकी तैयारी पूरी होने और सरकारी मंजूरी मिलते ही काम शुरू करने की बात कही गई।
2- नई दिल्ली : 48 घंटे में दो पायलटों की हार्ट अटैक से मौत, पायलट्स एसोसिएशन ने DGCA से सख्त ड्यूटी नियम लागू करने की मांग की
देश में दो पायलटों की 48 घंटे के भीतर हार्ट अटैक से मौत के बाद पायलटों की थकान और कार्य-दबाव पर बहस तेज हो गई है। एयरलाइन पायलट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने DGCA को पत्र लिखकर फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (FDTL) नियम सख्ती से लागू करने की मांग की है। पत्र के अनुसार 29 अप्रैल को बाली में एयर इंडिया के एक पायलट की रेस्ट पीरियड के दौरान मौत हुई, जबकि 30 अप्रैल को बेंगलुरु में अकासा एयर के एक पायलट की ट्रेनिंग के दौरान मौत हो गई। एसोसिएशन का कहना है कि एयरलाइंस को दी जा रही बार-बार छूट सुरक्षा और स्वास्थ्य पर असर डाल रही है। भारत को जल्द 30 हजार पायलटों की जरूरत भी बताई गई है।
3- जौनपुर : बारात लेकर जा रहे दूल्हे की कार रोककर हत्या, ओवरटेक के बाद नकाबपोश बदमाशों ने तीन गोलियां मारीं
जौनपुर के खेतासराय थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात बारात लेकर जा रहे 22 वर्षीय दूल्हे आजाद की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार दो बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने मनेछा गांव के पास कार को ओवरटेक कर रोका और अंधाधुंध फायरिंग कर दी। आजाद को पेट में दो और जबड़े पर एक गोली लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वह सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बडऊर गांव का निवासी था और पुणे में निजी कंपनी में काम करता था। बारात बीबीपुर गांव जा रही थी। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
4- प्रयागराज : रेलवे स्टेशनों पर अब कुली की होगी ऑनलाइन बुकिंग, देश में पहली बार प्रयागराज मंडल से तैयारी शुरू
उत्तर मध्य रेलवे का प्रयागराज मंडल यात्रियों के लिए कुलियों की ऑनलाइन बुकिंग सुविधा शुरू करने की तैयारी में है। व्यवस्था लागू होने के बाद यात्री अधिकृत ऐप या वेबसाइट से ट्रेन आगमन और प्रस्थान समय के अनुसार पहले से कुली बुक कर सकेंगे। स्टेशन पहुंचने पर बुक किया गया कुली तय स्थान पर मौजूद रहेगा। रेलवे इसके लिए पारदर्शी डिजिटल भुगतान प्रणाली भी विकसित कर रहा है, जिससे शुल्क पहले से तय रहेगा और ओवरचार्जिंग की शिकायतें कम होंगी। शुरुआती चरण में प्रयागराज जंक्शन, छिवकी, कानपुर सेंट्रल, मिर्जापुर, इटावा और अलीगढ़ जैसे प्रमुख स्टेशनों पर यह सुविधा लागू की जा सकती है। अधिकारियों के अनुसार सफल ट्रायल के बाद इसे आगे बढ़ाया जाएगा।
5- लखनऊ : जनगणना ड्यूटी में लगे शिक्षक, कई जिलों में स्कूल बंद होने लगे; बीएसए ने डीएम को लिखे पत्र
उत्तर प्रदेश में जनगणना कार्य तेज होने के साथ प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों को प्रगणक और पर्यवेक्षक बनाया जा रहा है, जिससे कई जिलों में पढ़ाई प्रभावित होने लगी है। रिपोर्ट के अनुसार फर्रुखाबाद, बरेली, उन्नाव समेत कई जिलों के बेसिक शिक्षा अधिकारियों ने जिलाधिकारियों को पत्र लिखकर कहा है कि अधिकांश शिक्षक ड्यूटी पर भेजे जाने से विद्यालयों में शिक्षकों की कमी हो गई है और कुछ स्कूल बंद होने की स्थिति में हैं। स्कूल चलो अभियान, नए प्रवेश, मध्यान्ह भोजन वितरण और नियमित पढ़ाई प्रभावित बताई गई है। शिक्षक संगठनों ने मांग की है कि प्रधानाध्यापकों को इस ड्यूटी से मुक्त किया जाए तथा अन्य विभागों के कर्मचारियों को भी जनगणना कार्य में लगाया जाए।
✳️ अन्य बड़ी खबरें :
1- आगरा : अपने ही खेत से तरबूज तोड़ने गए 13 वर्षीय बच्चे की हत्या, चेहरे पर चाकुओं से वार; परिवार ने बंटाईदार पक्ष पर लगाया आरोप
आगरा के बसई जगनेर थाना क्षेत्र के सोनी खेड़ा गांव में 13 वर्षीय अवनी का शव शुक्रवार शाम खेत में मिला। परिजनों के अनुसार बच्चा दोपहर में खेत से तरबूज लेने गया था, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटा। तलाश के दौरान बहन ने उसका शव खून से लथपथ हालत में देखा। पिता नरेश कुशवाह ने आरोप लगाया कि खेत बंटाई पर लेने वाले लोगों ने तरबूज तोड़ने के विवाद में हत्या की। परिवार का दावा है कि बच्चे के चेहरे पर कई चाकू से वार किए गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। मामले में 13 लोगों के नाम शिकायत में बताए गए हैं।
2- पीलीभीत : करोड़पति चपरासी घोटाले में 7 रिश्तेदार गिरफ्तार, दो पत्नियां, सास-साली समेत खातों में 8.15 करोड़ ट्रांसफर का आरोप
पीलीभीत पुलिस ने सरकारी धन गबन मामले में आरोपी चपरासी इलहाम-उर्र-रहमान शम्सी के सात रिश्तेदारों को गिरफ्तार किया है। इनमें उसकी दो पत्नियां लुबना और अजारा खान, सास, साली व अन्य परिचित शामिल हैं। पुलिस के अनुसार जांच में 53 बैंक खातों का पता चला, जिनमें फर्जी वेतन और भुगतान के नाम पर रकम भेजी गई। गिरफ्तार सात आरोपियों के खातों में कुल 8 करोड़ 15 लाख रुपए पहुंचने का दावा है। अब तक 5.50 करोड़ रुपए फ्रीज किए जा चुके हैं। इलहाम बीसलपुर इंटर कॉलेज में चपरासी था और कथित तौर पर DIOS कार्यालय से फर्जी सैलरी टोकन बनवाकर रकम ट्रांसफर करता था। मुख्य आरोपी पहले ही अग्रिम जमानत ले चुका है।
3- जयपुर : दिल्ली कैपिटल्स ने 226 रन का लक्ष्य हासिल कर राजस्थान को 7 विकेट से हराया, राहुल-निसांका की तूफानी पारियां
आईपीएल में लगातार तीन हार के बाद दिल्ली कैपिटल्स ने जोरदार वापसी करते हुए राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से हरा दिया। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 225/6 रन बनाए। कप्तान रियान पराग 90 रन बनाकर शतक से चूक गए, जबकि ध्रुव जुरेल ने 42 और डोनोवन फरेरा ने 14 गेंदों पर नाबाद 47 रन बनाए। जवाब में दिल्ली ने 19.1 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। केएल राहुल ने 40 गेंदों पर 75 रन और पाथुम निसांका ने 62 रन बनाए। दोनों के बीच 110 रन की साझेदारी हुई। मिचेल स्टार्क ने दिल्ली के लिए 3 विकेट झटके।
4- कोलकाता : पश्चिम बंगाल के 15 बूथों पर आज दोबारा मतदान शुरू, EVM छेड़छाड़ और हिंसा की शिकायतों के बाद आयोग का फैसला
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में शिकायतों के बाद दक्षिण 24 परगना जिले के 15 बूथों पर शनिवार सुबह दोबारा मतदान शुरू हो गया। इनमें डायमंड हार्बर के 4 और मगरहाट पश्चिम के 11 बूथ शामिल हैं। चुनाव आयोग ने कथित EVM छेड़छाड़, झड़प और मतदान बाधित होने की शिकायतों के बाद री-पोल कराने का निर्णय लिया। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा। राज्य की 294 सीटों पर कुल 92.84% मतदान दर्ज हुआ है। चुनाव परिणाम 4 मई को घोषित होंगे। भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने और अधिक बूथों पर पुनर्मतदान की मांग की है, जबकि तृणमूल कांग्रेस ने चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाए हैं।
5- कोलकाता : EVM स्ट्रॉन्ग रूम पर सियासी घमासान, ममता 4 घंटे पहुंचीं; आज सुप्रीम कोर्ट में TMC याचिका पर सुनवाई
पश्चिम बंगाल चुनाव के बीच EVM स्ट्रॉन्ग रूम को लेकर राजनीतिक विवाद बढ़ गया है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी गुरुवार रात कोलकाता के सखावत मेमोरियल स्कूल स्थित स्ट्रॉन्ग रूम में करीब 4 घंटे रहीं। बाहर निकलकर उन्होंने कथित छेड़छाड़ की आशंका जताई। शुक्रवार शाम भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी भी उसी परिसर पहुंचे। तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि चुनाव अधिकारियों ने बिना सूचना प्रक्रिया चलाई, जबकि भाजपा ने इन आरोपों को राजनीतिक ड्रामा बताया। इस बीच सुप्रीम कोर्ट शनिवार को TMC की उस याचिका पर सुनवाई करेगा, जिसमें कलकत्ता हाईकोर्ट के उस आदेश को चुनौती दी गई है, जिसमें मतगणना में केवल केंद्रीय कर्मचारियों को सुपरवाइजर बनाने की बात कही गई थी।
⚡ नोट : सभी जनपदों की खबरें उस जनपद के कलस्टर में होंगी जिसका लिंक ग्रुप एवं न्यूज सेक्शन में मिलेगा। इस वक्त आप DBUP इंडिया - उत्तर प्रदेश डेस्क की खबरें पढ़ रहे हैं। कोई भी त्रुटि या सूचना के लिए कृपया उत्तर प्रदेश डेस्क पर संपर्क करें।
By : Bulletin Head Ayush Tiwari & Team, Uttar Pradesh Desk, DBUP India
Desk WhatsApp : +91 888 7070 140
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें