Uttar Pradesh News - Morning News Bulletin Uttar Pradesh - 03 May 2026 #980 *ADW*

नमस्कार, 


डीबीयूपी इंडिया द्वारा 3 वर्ष से प्रसारित हो रहे आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है! 

चलिए बात करते हैं उत्तर प्रदेश एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।

🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 बुलेटिन खबरें :


1- छत्तीसगढ़ : कांकेर-नारायणपुर बॉर्डर पर IED ब्लास्ट, DRG इंस्पेक्टर समेत 4 जवान शहीद; माइनिंग हटाते समय हुआ धमाका
छत्तीसगढ़ के कांकेर-नारायणपुर सीमा क्षेत्र में शनिवार सुबह नक्सल प्रभावित जंगल इलाके कोरोसकोडा में IED ब्लास्ट में 4 जवान शहीद हो गए। जानकारी के अनुसार फोर्स सर्च ऑपरेशन पर निकली थी और इसी दौरान नक्सलियों द्वारा बिछाए गए विस्फोटक को डिफ्यूज करते समय जोरदार धमाका हुआ। शहीदों में DRG के एक इंस्पेक्टर और कॉन्स्टेबल शामिल बताए गए हैं। तीन जवानों की मौके पर मौत हुई, जबकि घायल परमानंद कोर्राम को रायपुर एयरलिफ्ट किया गया, जहां उपचार के दौरान निधन हो गया। बस्तर रेंज IG सुंदरराज पी. ने घटना की पुष्टि की है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।

2- नई दिल्ली : RBI को मिला नया डिप्टी गवर्नर, रोहित जैन की 3 साल के कार्यकाल के लिए नियुक्ति; टी. रबी शंकर की लेंगे जगह
केंद्र सरकार की नियुक्ति समिति ACC ने रोहित जैन को भारतीय रिजर्व बैंक का नया डिप्टी गवर्नर नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति 3 मई 2026 या उसके बाद से प्रभावी मानी जाएगी और कार्यकाल तीन वर्ष का होगा। वे मौजूदा डिप्टी गवर्नर टी. रबी शंकर का स्थान लेंगे, जिनका कार्यकाल समाप्त हो रहा है। रोहित जैन दिसंबर 2020 से RBI में कार्यकारी निदेशक के रूप में कार्यरत थे। उन्होंने सुपरविजन, रिस्क एनालिटिक्स और बैंकिंग क्षेत्रों में जिम्मेदारियां संभाली हैं। RBI में उनके पास लगभग 30 वर्षों का अनुभव बताया गया है। जल्द ही उन्हें फाइनेंशियल मार्केट, फॉरेन एक्सचेंज और पेमेंट सिस्टम जैसे विभागों का प्रभार मिल सकता है।

3- यूपी मौसम : लखनऊ-अयोध्या समेत कई जिलों में आंधी-बारिश, 26 जिलों में अलर्ट जारी; अगले 5 दिन राहत और मौसम खराब रहने के आसार
उत्तर प्रदेश में मौसम ने करवट ले ली है। रविवार तड़के लखनऊ, अयोध्या, अंबेडकरनगर समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जिससे गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग ने आज 26 जिलों में बारिश, गरज-चमक और 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से अगले 5 दिनों तक प्रदेश का मौसम बिगड़ा रह सकता है। तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज होने की संभावना है। हाल के दिनों में आंधी-बारिश से कई जनहानि भी हुई है।

4- लखनऊ : यूपी पंचायत चुनाव फिर टलने के संकेत, मतदाता सूची सत्यापन दोबारा शुरू; अंतिम प्रकाशन तिथि पांचवीं बार बढ़ी
उत्तर प्रदेश पंचायत चुनाव फिलहाल आगे खिसकते दिखाई दे रहे हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने पंचायत मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन की तिथि एक बार फिर बढ़ा दी है। अब 10 जून को अंतिम सूची जारी किए जाने की तैयारी है। आयोग के अनुसार मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए दोबारा सत्यापन कराया जा रहा है, ताकि भविष्य में किसी प्रकार का विवाद न हो। दिसंबर 2025 में जारी प्रारंभिक सूची में प्रदेश में 12.69 करोड़ मतदाता दर्ज किए गए थे। सूची पर लाखों दावे और आपत्तियां आई थीं, जिनका निस्तारण किया जा चुका है। सूत्रों के अनुसार इस वर्ष पंचायत चुनाव होने की संभावना कम मानी जा रही है।

5- अंबेडकरनगर : चार बच्चों की हत्या मामले में नया मोड़, आरोपी मां अब भी फरार; परिजनों ने अकेले वारदात पर जताया शक
अंबेडकरनगर के अकबरपुर क्षेत्र स्थित मीरानपुर मुरादाबाद मोहल्ले में चार बच्चों की हत्या मामले में जांच तेज हो गई है। पुलिस को प्राथमिक तौर पर बच्चों की मां गासिया खातून पर शक है, जो घटना के बाद से फरार बताई जा रही है। जांच एजेंसियों के अनुसार बच्चों को पहले कथित तौर पर नशीला पदार्थ दिया गया, फिर भारी वस्तु से हमला कर हत्या की गई। कमरे में खून के निशान, उल्टी के निशान और साफ किए गए बर्तन मिलने से पुलिस साजिश के एंगल पर भी जांच कर रही है। मृत बच्चों के चाचा ने दावा किया है कि महिला अकेले इतनी बड़ी वारदात नहीं कर सकती। पुलिस ने छह टीमें गठित कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।


✳️ अन्य बड़ी खबरें :


1- लखनऊ : अखिलेश के तंज पर भाजपा का पलटवार तेज, दोनों डिप्टी सीएम को लेकर सोशल मीडिया पर छिड़ी सियासी जुबानी जंग
उत्तर प्रदेश की राजनीति में सपा प्रमुख अखिलेश यादव और भाजपा नेताओं के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। अखिलेश यादव ने दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक का वीडियो साझा कर तंज कसते हुए भाजपा पर अंदरूनी खींचतान का आरोप लगाया। इसके जवाब में केशव मौर्य ने कहा कि 2027 में सपा का ‘सैफई प्रस्थान’ होगा। ब्रजेश पाठक ने भी पलटवार करते हुए कहा कि जनता लगातार सपा को आईना दिखा रही है। राजनीतिक जानकारों के अनुसार यह टकराव 2027 विधानसभा चुनाव और पिछड़ा वर्ग वोट बैंक की राजनीति से जुड़ा माना जा रहा है। दोनों पक्ष सोशल मीडिया के जरिए लगातार एक-दूसरे पर निशाना साध रहे हैं।

2- मथुरा : वृंदावन में बंद कमरे से प्रेमी-प्रेमिका के शव मिले, युवती बेड पर मृत और युवक फंदे से लटका; हत्या-आत्महत्या की आशंका
मथुरा के वृंदावन थाना क्षेत्र स्थित दुर्गापुरम कॉलोनी में शुक्रवार देर रात किराए के कमरे से युवक-युवती के शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार 28 वर्षीय युवती राधिका का शव बेड पर पड़ा मिला, जबकि 24 वर्षीय युवक सुभाष फंदे से लटका मिला। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद युवक ने कथित तौर पर युवती की हत्या कर खुद आत्महत्या की। बताया गया कि दोनों के बीच करीब एक वर्ष से संबंध थे। 28 अप्रैल को युवती ने युवक के खिलाफ FIR भी दर्ज कराई थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर फोरेंसिक जांच शुरू कर दी है।

3- पश्चिम बंगाल : फालता विधानसभा सीट की पूरी वोटिंग रद्द, 21 मई को दोबारा मतदान; EVM गड़बड़ी और हिंसा शिकायतों पर EC का फैसला
चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल की फालता विधानसभा सीट पर 29 अप्रैल को हुई वोटिंग रद्द कर दी है। आयोग के अनुसार सीट के सभी 285 पोलिंग बूथों पर अब 21 मई को दोबारा मतदान कराया जाएगा, जबकि मतगणना 24 मई को होगी। इस सीट पर EVM गड़बड़ी, हिंसा और मतदान प्रक्रिया में बाधा की शिकायतें सामने आई थीं। भाजपा ने एक बूथ पर EVM में अपने बटन के आगे टेप लगाए जाने का आरोप लगाया था। वहीं TMC और भाजपा समर्थकों के बीच झड़पों की भी खबरें आईं। आयोग ने मामले को गंभीर मानते हुए पूरे निर्वाचन क्षेत्र में पुनर्मतदान का आदेश दिया है।

4- नई दिल्ली : कड़कड़डूमा कोर्ट के न्यायिक अधिकारी अमन कुमार शर्मा मृत मिले, परिजनों ने घरेलू विवाद का दावा किया; पुलिस जांच में जुटी
दिल्ली के कड़कड़डूमा कोर्ट में तैनात न्यायिक अधिकारी अमन कुमार शर्मा संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए। परिजनों के अनुसार उन्होंने कथित तौर पर पत्नी के दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या की। अमन कुमार शर्मा डिस्ट्रिक्ट लीगल सर्विसेज अथॉरिटी (DLSA) में फुल-टाइम सेक्रेटरी के रूप में कार्यरत थे और 2021 बैच के दिल्ली न्यायिक सेवा अधिकारी थे। रिश्तेदारों ने दावा किया कि घटना से पहले पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। यह भी कहा गया कि अमन ने एक दिन पहले पिता से फोन पर परेशानी जताई थी। शनिवार सुबह बाथरूम का दरवाजा तोड़ने पर शव मिला। दिल्ली पुलिस मामले की जांच कर रही है।

5- सूरत : देश का पहला बैरियर-लेस टोलिंग सिस्टम शुरू, 120 किमी रफ्तार पर भी बिना रुके कटेगा टोल टैक्स
केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने गुजरात के सूरत-भरूच सेक्शन NH-48 पर भारत का पहला मल्टी-लेन फ्री फ्लो (MLFF) बैरियर-लेस टोलिंग सिस्टम शुरू किया है। यह व्यवस्था चोर्यासी टोल प्लाजा पर लागू की गई है। नई तकनीक के तहत वाहन बिना रुके टोल पार कर सकेंगे और FASTag व ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) सिस्टम से शुल्क स्वतः कट जाएगा। दावा है कि AI कैमरे 120 किमी प्रति घंटे की गति से गुजरने वाले वाहनों की नंबर प्लेट भी पढ़ सकेंगे। इससे यात्रा समय घटेगा, जाम कम होगा, ईंधन बचेगा और प्रदूषण में भी कमी आएगी।


⚡ नोट : सभी जनपदों की खबरें उस जनपद के कलस्टर में होंगी जिसका लिंक ग्रुप एवं न्यूज सेक्शन में मिलेगा। इस वक्त आप DBUP इंडिया - उत्तर प्रदेश डेस्क की खबरें पढ़ रहे हैं। कोई भी त्रुटि या सूचना के लिए कृपया उत्तर प्रदेश डेस्क पर संपर्क करें।

By : Bulletin Head Ayush Tiwari & Team, Uttar Pradesh Desk, DBUP India

Desk WhatsApp : +91 888 7070 140

धन्यवाद !
आपका दिन शुभ हो, रोज सुबह 9:30 बजे पढ़ते रहिए मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन DBUP इंडिया नेटवर्क के साथ…

टिप्पणियाँ