Uttar Pradesh News - Morning News Bulletin Uttar Pradesh - 10 June 2026 #980 *ADW*
नमस्कार,
डीबीयूपी इंडिया द्वारा 3 वर्ष से प्रसारित हो रहे आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है!
चलिए बात करते हैं उत्तर प्रदेश एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।
🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 बुलेटिन खबरें :
1- नई दिल्ली : कंबोडिया से संचालित साइबर ठगी नेटवर्क का भंडाफोड़, 36 हजार भारतीय सिम विदेश में एक्टिव; 5300 सिम से भारत में करोड़ों की ठगी का खुलासा
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कंबोडिया से संचालित कथित अंतरराष्ट्रीय साइबर फ्रॉड नेटवर्क के खिलाफ राजस्थान और पंजाब में बड़ी कार्रवाई की है। जांच में सामने आया कि करीब 36 हजार भारतीय सिम कार्ड कंबोडिया में सक्रिय पाए गए, जिनमें से लगभग 5300 सिम का इस्तेमाल भारत में साइबर ठगी के मामलों में किया गया। एजेंसी के अनुसार इन नंबरों के जरिए देशभर में सैकड़ों करोड़ रुपये की धोखाधड़ी को अंजाम दिया गया। 5 जून से शुरू हुई कार्रवाई में किशनगढ़, नागौर, जोधपुर और लुधियाना समेत सात ठिकानों पर छापेमारी कर दस्तावेज, डिजिटल साक्ष्य, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और 14 मोबाइल फोन जब्त किए गए। जांच एजेंसियों का दावा है कि लोगों के दस्तावेजों पर अतिरिक्त सिम जारी कर उन्हें मलेशियाई नागरिकों के जरिए कंबोडिया भेजा जाता था।
2- नई दिल्ली : नरेंद्र मोदी बने देश के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री, नेहरू का 4398 दिनों का रिकॉर्ड पीछे छोड़ा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 10 जून 2026 को लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबे कार्यकाल का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। 26 मई 2014 को पदभार संभालने वाले मोदी के लगातार कार्यकाल के 4399 दिन पूरे हो गए हैं, जिससे उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के 4398 दिनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। मोदी लगातार तीसरे कार्यकाल में प्रधानमंत्री हैं। बुधवार दोपहर भारत मंडपम में होने वाली NDA संसदीय दल की बैठक में इस उपलब्धि पर बधाई प्रस्ताव पारित किया जा सकता है। बैठक में 'विकसित भारत-2047', केंद्र-राज्य समन्वय, विकास परियोजनाओं, ईज ऑफ लिविंग और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस जैसे मुद्दों पर भी चर्चा प्रस्तावित है। प्रधानमंत्री के 12 वर्षों के कार्यकाल में डिजिटल इंडिया, GST, अनुच्छेद-370 हटाना और राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समेत कई बड़े फैसले चर्चा में रहे हैं।
3- लखनऊ : पंचायत चुनाव की अंतिम मतदाता सूची आज होगी जारी, नए नौ अंकों के स्टेट वोटर नंबर से होगी पहचान
उत्तर प्रदेश में प्रस्तावित त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की बहुप्रतीक्षित अंतिम मतदाता सूची बुधवार को जारी की जाएगी। राज्य निर्वाचन आयोग ने दावे-आपत्तियों के निस्तारण और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कर सूची को अंतिम रूप दे दिया है। आयोग ने दिसंबर 2025 में प्रकाशित अनंतिम सूची में लगभग 1.81 करोड़ नए मतदाताओं को जोड़ा था, जबकि 1.41 करोड़ नाम हटाए गए थे। इससे कुल मतदाता संख्या में करीब 40 लाख की शुद्ध वृद्धि दर्ज हुई थी। इस बार सभी मतदाताओं को नया नौ अंकों का स्टेट वोटर नंबर भी दिया गया है, जिससे पहचान और चुनाव प्रबंधन की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित होने की उम्मीद है। अंतिम सूची जारी होने के बाद पंचायत चुनाव की अधिसूचना और कार्यक्रम को लेकर राजनीतिक तथा प्रशासनिक गतिविधियां तेज होने की संभावना जताई जा रही है।
4- मथुरा : बांके बिहारी मंदिर के पास जर्जर मकान का छज्जा गिरा, श्रद्धालुओं समेत 9 घायल; चार की हालत गंभीर बताई गई
वृंदावन में बांके बिहारी मंदिर के समीप गली नंबर-5 स्थित एक मकान का जर्जर छज्जा मंगलवार शाम अचानक गिर जाने से नौ लोग घायल हो गए। घायलों में चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के समय मंदिर क्षेत्र में श्रद्धालुओं की आवाजाही जारी थी। स्थानीय लोगों के अनुसार घटना के दौरान तेज आंधी चल रही थी, जबकि कुछ लोगों का दावा है कि पहले से कमजोर छज्जा बंदर के कूदने से टूट गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने मलबे में दबे लोगों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया। प्रशासन ने मंदिर क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर आसपास के पुराने और जर्जर भवनों की जांच शुरू कर दी है।
5- यूपी मौसम : आज से प्री-मानसून गतिविधियां तेज, 35 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट; पिछले 24 घंटे में तूफान से तीन लोगों की मौत
उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच बुधवार से प्री-मानसून गतिविधियां तेज होने जा रही हैं। मौसम विभाग ने 35 जिलों में आंधी, बारिश, बिजली गिरने और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है, जबकि 17 जिलों में लू की चेतावनी भी बनी हुई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 11 जून से सक्रिय होने वाला नया पश्चिमी विक्षोभ प्रदेश में बारिश की गतिविधियों को और बढ़ाएगा। मंगलवार को चित्रकूट, इटावा, सीतापुर और फिरोजाबाद में आए तेज तूफान से भारी नुकसान हुआ। विभिन्न घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए। चित्रकूट में करोड़ों रुपये लागत वाले ऑडिटोरियम की छत उड़ गई। मौसम विभाग का अनुमान है कि 15 जून तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा तथा लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।
✳️ अन्य बड़ी खबरें :
1- गोरखपुर : सिपाही भर्ती परीक्षा में अंडरवियर में मोबाइल छिपाकर पहुंचा अभ्यर्थी गिरफ्तार, रोते हुए बोला- पुलिस बनना चाहता था, शॉर्टकट ने अपराधी बना दिया
गोरखपुर के नीना थापा इंटर कॉलेज में आयोजित यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान बिहार के नालंदा निवासी 23 वर्षीय राम प्रकाश चौहान को कथित तौर पर मोबाइल से प्रश्नपत्र की फोटो खींचते हुए पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार आरोपी अंडरवियर में मोबाइल छिपाकर फाइव लेयर सुरक्षा जांच पार कर परीक्षा कक्ष तक पहुंच गया था। पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने चचेरे भाई को प्रश्नपत्र भेजने वाला था ताकि उत्तर प्राप्त कर सके। गिरफ्तारी के बाद वह पुलिस के सामने फूट-फूटकर रोया और माफी मांगता रहा। कक्ष निरीक्षक की शिकायत पर उसके खिलाफ परीक्षा अधिनियम और धोखाधड़ी की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में उसके चचेरे भाई को भी आरोपी बनाया गया है। घटना के बाद सुरक्षा जांच में लापरवाही पाए जाने पर दो दरोगा और कई पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।
2- लखनऊ : पांच लाख रुपये मासिक वेतन के बावजूद नहीं मिल रहे विशेषज्ञ डॉक्टर, यूपी में करीब 40 प्रतिशत चिकित्सक पद अब भी खाली
उत्तर प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में चिकित्सकों की कमी लगातार बनी हुई है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार प्रांतीय चिकित्सा सेवा संवर्ग के लगभग 18,500 पदों में से करीब 7,500 पद रिक्त हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी 70 प्रतिशत तक बताई जा रही है। सरकार राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति के लिए पांच लाख रुपये प्रतिमाह तक वेतन दे रही है, फिर भी बड़ी संख्या में पद खाली हैं। विभाग का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में आवास, बच्चों की शिक्षा, सुरक्षा और चिकित्सा संसाधनों की कमी के कारण कई डॉक्टर नौकरी छोड़ देते हैं। डॉक्टरों की भर्ती में तेजी लाने के लिए प्रदेश सरकार ने उत्तर प्रदेश विशेषज्ञ चिकित्सक एवं चिकित्सा शिक्षक भर्ती बोर्ड के गठन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। अधिकारियों को उम्मीद है कि अगले एक-दो वर्षों में रिक्त पदों को काफी हद तक भरा जा सकेगा।
3- ऑटो सेक्टर : मई में रिकॉर्ड 25.31 लाख वाहनों की बिक्री, पहली बार कुल बाजार में EV की हिस्सेदारी 11 प्रतिशत के पार पहुंची
फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन्स (FADA) की रिपोर्ट के अनुसार मई 2026 में देशभर में रिकॉर्ड 25.31 लाख वाहनों की बिक्री दर्ज की गई, जो पिछले वर्ष की तुलना में 9.55 प्रतिशत अधिक है। खास बात यह रही कि पहली बार कुल वाहन बिक्री में इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) की हिस्सेदारी 11 प्रतिशत से अधिक पहुंच गई। उद्योग से जुड़े सूत्रों के अनुसार मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और ईंधन कीमतों में बढ़ोतरी के कारण उपभोक्ता ज्यादा माइलेज वाले तथा इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर रुख कर रहे हैं। पैसेंजर व्हीकल्स की बिक्री 23.25 प्रतिशत बढ़कर 4.02 लाख यूनिट रही, जबकि दोपहिया वाहनों की बिक्री 18.44 लाख यूनिट तक पहुंच गई। दोपहिया बाजार में भी EV की हिस्सेदारी बढ़कर 9.25 प्रतिशत दर्ज की गई।
4- न्यूयॉर्क : 25 साल पुराना अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन 2030 तक होगा रिटायर, नासा प्रशांत महासागर में गिराएगी मलबा
पृथ्वी से लगभग 400 किलोमीटर ऊपर स्थित इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) को वर्ष 2030 तक सेवा से हटाने की तैयारी शुरू हो गई है। नासा ने करीब 1 अरब डॉलर (लगभग 9500 करोड़ रुपये) की योजना के तहत स्टेशन को नियंत्रित तरीके से पृथ्वी के वायुमंडल में प्रवेश कराने का फैसला लिया है। अंतरिक्ष एजेंसी के अनुसार स्टेशन की उम्र पूरी हो चुकी है और पिछले कुछ वर्षों में तकनीकी चुनौतियां बढ़ी हैं। योजना के तहत अधिकांश हिस्सा वायुमंडल में जल जाएगा, जबकि बचा हुआ मलबा दक्षिण प्रशांत महासागर के दूरस्थ क्षेत्र 'पॉइंट नीमो' में गिराया जाएगा। ISS पर अब तक 19 देशों के 250 से अधिक अंतरिक्ष यात्री जा चुके हैं। भविष्य में इसकी जगह निजी कंपनियों के स्पेस स्टेशन और भारत सहित अन्य देशों की नई अंतरिक्ष परियोजनाएं लेंगी।
5- वॉशिंगटन डीसी : H-1B वीजा पर 1 लाख डॉलर अतिरिक्त शुल्क लगाने का ट्रम्प आदेश रद्द, भारतीय पेशेवरों को बड़ी राहत
अमेरिकी फेडरल कोर्ट ने H-1B वीजा पर 1 लाख डॉलर (करीब 95 लाख रुपये) अतिरिक्त शुल्क लगाने संबंधी ट्रम्प प्रशासन की नीति को रद्द कर दिया है। बॉस्टन की अदालत ने कहा कि यह शुल्क वास्तव में टैक्स की श्रेणी में आता है और इसे लागू करने के लिए राष्ट्रपति नहीं बल्कि संसद की मंजूरी आवश्यक है। ट्रम्प प्रशासन ने 2025 में यह नियम लागू किया था, जिसके तहत विदेशी कर्मचारियों को नियुक्त करने वाली कंपनियों पर भारी शुल्क लगाया जाना था। H-1B वीजा का सबसे अधिक उपयोग भारतीय आईटी और टेक प्रोफेशनल्स करते हैं, इसलिए अदालत के इस फैसले को भारतीयों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार शुल्क बढ़ने के बाद H-1B पंजीकरण में 38.5 प्रतिशत की गिरावट भी दर्ज की गई थी।
⚡ नोट : सभी जनपदों की खबरें उस जनपद के कलस्टर में होंगी जिसका लिंक ग्रुप एवं न्यूज सेक्शन में मिलेगा। इस वक्त आप DBUP इंडिया - उत्तर प्रदेश डेस्क की खबरें पढ़ रहे हैं। कोई भी त्रुटि या सूचना के लिए कृपया उत्तर प्रदेश डेस्क पर संपर्क करें।
By : Bulletin Head Ayush Tiwari & Team, Uttar Pradesh Desk, DBUP India
Desk WhatsApp : +91 888 7070 140
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें