Uttar Pradesh News - Morning News Bulletin Uttar Pradesh - 07 July 2026 #980 *ADW*

नमस्कार, 


डीबीयूपी इंडिया द्वारा 3 वर्ष से प्रसारित हो रहे आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है! 

चलिए बात करते हैं उत्तर प्रदेश एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।

🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 बुलेटिन खबरें :


1- नई दिल्ली : महिलाओं की नकद सहायता योजनाओं की राशि बढ़ाने की सिफारिश, ईएसी-पीएम बोली- महंगाई के अनुसार हो समय-समय पर समीक्षा

प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद (ईएसी-पीएम) ने 15 राज्यों में महिलाओं को दी जा रही प्रत्यक्ष नकद सहायता योजनाओं की राशि की समय-समय पर समीक्षा कर महंगाई के अनुसार बढ़ाने की सिफारिश की है। परिषद ने महाराष्ट्र की 'माझी लाडकी बहिन' और ओडिशा की 'सुभद्रा' योजना के अध्ययन के आधार पर कहा कि इनसे महिलाओं की बचत बढ़ी, घरेलू खर्च में मदद मिली और आर्थिक भागीदारी मजबूत हुई। रिपोर्ट के अनुसार, करीब 12 करोड़ महिलाएं इन योजनाओं का लाभ ले रही हैं। परिषद ने महिलाओं को डिजिटल साक्षरता, कौशल विकास और स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने की भी सलाह दी है। रिपोर्ट में दावा किया गया कि नकद सहायता मिलने के बाद महिलाओं में UPI भुगतान और शिक्षा-स्वास्थ्य पर खर्च भी बढ़ा है।

2- अयोध्या : चढ़ावा चोरी की पहली FIR कराने वाले कृष्ण मोहन बने राम मंदिर ट्रस्ट के कार्यवाहक महासचिव, चंपत राय के इस्तीफे के बाद मिली जिम्मेदारी

रामलला मंदिर में चढ़ावा चोरी प्रकरण के बाद चंपत राय का इस्तीफा स्वीकार होने पर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने रिटायर्ड IFS अधिकारी कृष्ण मोहन को कार्यवाहक महासचिव नियुक्त किया है। हरदोई निवासी 73 वर्षीय कृष्ण मोहन 1977 बैच के भारतीय वन सेवा अधिकारी रहे हैं और 2012 से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े हैं। वह सितंबर 2025 में ट्रस्ट के ट्रस्टी बनाए गए थे और चढ़ावा चोरी मामले में ट्रस्ट की ओर से पहली FIR भी उन्होंने ही दर्ज कराई थी। नियुक्ति के बाद उन्होंने आरोपियों को सजा दिलाने, प्रबंधन की कमियां दूर करने और श्रद्धालुओं का विश्वास दोबारा स्थापित करने की बात कही। महासचिव ट्रस्ट का सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक पद माना जाता है।

3- लखनऊ : सीएम योगी का मंत्रियों को निर्देश, स्कूलों में अभिभावकों से करें संवाद; 12 जुलाई को 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान में लगेंगे 35 करोड़ पौधे
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंत्रिमंडल के सदस्यों को निर्देश दिया है कि वे स्कूलों में जाकर अभिभावकों से बैठक करें, बच्चों के रिपोर्ट कार्ड देखें और विद्यालयों में उपलब्ध सुविधाओं का जमीनी स्तर पर जायजा लें। उन्होंने अस्पतालों, विकास योजनाओं और महिला स्वयं सहायता समूहों से भी संवाद बढ़ाने को कहा। समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने बताया कि 12 जुलाई को प्रदेशभर में 'एक पेड़ मां के नाम' महाअभियान के तहत 35 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे। उन्होंने फलदार, छायादार, औषधीय और इमारती प्रजातियों के पौधों को प्राथमिकता देने तथा पौधरोपण की प्रगति प्रत्येक घंटे ऐप पर अपलोड करने के निर्देश भी दिए।

4- लखनऊ : यूपी में पासपोर्ट की तर्ज पर बनेंगे ड्राइविंग लाइसेंस, ऑटोमैटिक टेस्टिंग, डिजिटल टोकन और जरूरत पड़ने पर पुलिस वेरिफिकेशन की तैयारी
उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग ड्राइविंग लाइसेंस प्रक्रिया में बड़े बदलाव की तैयारी कर रहा है। प्रस्ताव के अनुसार, आरटीओ में पासपोर्ट सेवा केंद्र जैसी डिजिटल टोकन व्यवस्था लागू होगी और हाईटेक ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक पर सेंसर व कैमरों के जरिए ऑटोमैटिक टेस्ट कराया जाएगा। विभाग के प्रस्ताव के मुताबिक, कमर्शियल लाइसेंस तथा कुछ संदिग्ध मामलों में पुलिस वेरिफिकेशन भी किया जा सकता है। 28 दिन का मान्यता प्राप्त प्रशिक्षण पूरा करने वाले आवेदकों को अलग टेस्ट से छूट मिलेगी। सरकार का उद्देश्य फर्जी लाइसेंस, दलालों की भूमिका और सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाना है। हालांकि, इन बदलावों के लिए अंतिम नियम परिवहन विभाग द्वारा जारी किए जाने बाकी हैं।

5- अयोध्या : राम मंदिर ट्रस्ट ने चढ़ावा चोरी के दावों पर दिखाई बेशकीमती धरोहरें, कहा- 28 हजार से अधिक वस्तुएं सुरक्षित, अफवाहों पर न दें ध्यान
राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के विवाद के बीच श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने सोमवार को उन बेशकीमती वस्तुओं को सार्वजनिक रूप से दिखाया, जिनके चोरी होने के दावे किए जा रहे थे। इनमें सोने की श्रीरामचरितमानस, चांदी की कागभुशुंडि प्रतिमा, 12 ज्योतिर्लिंग वाला चांदी का हार और चांदी की पादुकाएं शामिल हैं। ट्रस्ट ने कहा कि उसके पास ऐसी 28 हजार से अधिक मूल्यवान वस्तुएं सुरक्षित रखी गई हैं और किसी भी सामान के गायब होने का दावा सही नहीं है। ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे अपुष्ट सूचनाओं और अफवाहों पर विश्वास न करें।


✳️ अन्य बड़ी खबरें :


1- उत्तर प्रदेश : मानसून ने पकड़ी रफ्तार, सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट; प्रयागराज-वाराणसी समेत कई शहरों में झमाझम, सहारनपुर में नदी उफनाने पर पुलिस ने कराया सुरक्षित स्थानों पर जाने का ऐलान
उत्तर प्रदेश में मंगलवार सुबह से मानसून सक्रिय है। वाराणसी, चंदौली, बरेली और प्रयागराज समेत कई जिलों में तेज बारिश हुई, जबकि लखनऊ में बूंदाबांदी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है, जिनमें 8 जिलों में भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। सहारनपुर में शाकंभरी नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने पर पुलिस ने लाउडस्पीकर से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की। वाराणसी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-8 की छत से पानी झरने की तरह बहता दिखाई दिया। वहीं पीलीभीत में तालाब से निकला मगरमच्छ रिहायशी इलाके में पहुंच गया, जिसे वन विभाग ने पकड़कर सुरक्षित नदी में छोड़ दिया।

2- लखनऊ : यूपी के स्कूलों में लगेंगे 23.43 लाख पौधे, फलदार पौधों को मिलेगी प्राथमिकता; छात्रों और अभिभावकों की भी होगी भागीदारी
उत्तर प्रदेश के व्यापक पौधरोपण अभियान के तहत बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग मिलकर 23.43 लाख पौधे लगाएंगे। इसमें बेसिक शिक्षा विभाग 12.43 लाख और माध्यमिक शिक्षा विभाग 11 लाख पौधों का रोपण करेगा। अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने निर्देश दिए हैं कि फलदार पौधों को प्राथमिकता दी जाए तथा छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। अभियान में ईको क्लब, स्काउट्स एंड गाइड, एनसीसी और एनएसएस के सदस्यों का सहयोग लिया जाएगा। साथ ही शिक्षक-अभिभावक बैठकों और कार्यशालाओं के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के निर्देश भी सभी संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।

3- दुनिया : माइक्रोसॉफ्ट में 4,800 कर्मचारियों की छंटनी, AI इंफ्रास्ट्रक्चर पर बढ़ते खर्च और लागत घटाने के लिए लिया फैसला
टेक कंपनी माइक्रोसॉफ्ट ने अपनी कुल वर्कफोर्स में करीब 2.1% की कटौती करते हुए लगभग 4,800 कर्मचारियों की छंटनी का फैसला किया है। कंपनी के अनुसार यह कदम AI इंफ्रास्ट्रक्चर पर बढ़ते निवेश, परिचालन लागत कम करने और कार्यक्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से उठाया गया है। रिपोर्टों के मुताबिक, 2026 में कंपनी का अनुमानित कैपिटल एक्सपेंडिचर 190 बिलियन डॉलर तक पहुंच सकता है, जबकि डेटा सेंटर निर्माण की बढ़ती लागत से कैश फ्लो पर भी दबाव है। इसी बीच इस वर्ष के पहले छह महीनों में माइक्रोसॉफ्ट के शेयरों में करीब 20% की गिरावट दर्ज की गई है। इससे पहले कंपनी हजारों कर्मचारियों को वॉलंटरी बायआउट का प्रस्ताव भी दे चुकी है।

4- लंदन : भगोड़े नीरव मोदी के भारत प्रत्यर्पण का रास्ता साफ, यूरोपीय मानवाधिकार अदालत में आखिरी कानूनी चुनौती भी खारिज
पंजाब नेशनल बैंक (PNB) कथित घोटाले और मनी लॉन्ड्रिंग मामले के आरोपी भगोड़े हीरा कारोबारी नीरव मोदी को जल्द भारत लाया जा सकता है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, यूरोपीय मानवाधिकार अदालत (ECHR) ने उसकी अंतिम याचिका भी खारिज कर दी है, जिससे प्रत्यर्पण के खिलाफ बचा आखिरी कानूनी विकल्प समाप्त हो गया। इसके बाद ब्रिटेन सरकार ने भारत प्रत्यर्पण की औपचारिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। नीरव मोदी मार्च 2019 से लंदन की जेल में बंद है। CBI और ED कई हजार करोड़ रुपये के कथित बैंक घोटाले और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में लंबे समय से उसके प्रत्यर्पण का प्रयास कर रही थीं।

5- तेलंगाना : प्रेमी संग पति की हत्या का आरोप, पहले छत से धक्का दिया फिर इलाज के दौरान ड्रिप में टॉयलेट क्लीनर मिलाने का पुलिस का दावा
तेलंगाना के निजामाबाद जिले में पुलिस ने एक नर्स, उसके कथित प्रेमी और एक अन्य आरोपी को 35 वर्षीय प्रशांत की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 30 जून को आरोपियों ने पहले प्रशांत को शराब पिलाकर छत से धक्का दिया, लेकिन वह बच गया। इसके बाद अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी नस में लगी ड्रिप के जरिए कथित तौर पर टॉयलेट क्लीनर और एनेस्थीसिया इंजेक्ट किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस का दावा है कि घटना के पीछे महिला का कथित विवाहेतर संबंध था। मृतक की मां की शिकायत और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद मामले का खुलासा हुआ। तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।


⚡ नोट : सभी जनपदों की खबरें उस जनपद के कलस्टर में होंगी जिसका लिंक ग्रुप एवं न्यूज सेक्शन में मिलेगा। इस वक्त आप DBUP इंडिया - उत्तर प्रदेश डेस्क की खबरें पढ़ रहे हैं। कोई भी त्रुटि या सूचना के लिए कृपया उत्तर प्रदेश डेस्क पर संपर्क करें।

By : Bulletin Head Ayush Tiwari & Team, Uttar Pradesh Desk, DBUP India

Desk WhatsApp : +91 888 7070 140

धन्यवाद !
आपका दिन शुभ हो, रोज सुबह 9:30 बजे पढ़ते रहिए मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन DBUP इंडिया नेटवर्क के साथ…

टिप्पणियाँ