Uttar Pradesh News - Morning News Bulletin Uttar Pradesh - 02 July 2026 #980 *ADW*

नमस्कार, 


डीबीयूपी इंडिया द्वारा 3 वर्ष से प्रसारित हो रहे आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है! 

चलिए बात करते हैं उत्तर प्रदेश एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।

🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 बुलेटिन खबरें :


1- नई दिल्ली : जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची भारत दौरे पर, आज PM मोदी संग शिखर वार्ता; व्यापार, रक्षा, AI और निवेश पर होगा मंथन
जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर नई दिल्ली पहुंच चुकी हैं। आज वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ 16वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगी। बैठक में आर्थिक सुरक्षा, सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रक्षा सहयोग, हिंद-प्रशांत क्षेत्र, सप्लाई चेन, महत्वपूर्ण खनिज और निवेश जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। दोनों नेता भारत-जापान बिजनेस फोरम में भी शामिल होंगे, जिसमें जापान के 150 से अधिक उद्योगपति भाग लेंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दोनों देशों के बीच अमेरिकी डॉलर पर निर्भरता घटाकर रुपये और येन में व्यापार की व्यवस्था को आगे बढ़ाने पर भी अहम चर्चा हो सकती है।

2- संसद : 30 दिन न्यायिक हिरासत में रहने पर PM-CM को पद छोड़ना पड़ सकता है; JPC प्रस्ताव हटाने के पक्ष में नहीं
प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और केंद्रीय या राज्य मंत्रियों से जुड़े प्रस्तावित 130वें संविधान संशोधन विधेयक पर संसद की संयुक्त संसदीय समिति (JPC) कथित तौर पर 17 जुलाई को अपनी रिपोर्ट को मंजूरी दे सकती है। प्रस्ताव के अनुसार, यदि कोई मंत्री या मुख्यमंत्री ऐसे गंभीर अपराध में गिरफ्तार होकर लगातार 30 दिन न्यायिक हिरासत में रहता है, जिसमें 5 वर्ष या उससे अधिक की सजा का प्रावधान है, तो उसे पद छोड़ना पड़ सकता है। हालांकि, केवल गिरफ्तारी से पद नहीं जाएगा। सरकार का तर्क है कि इससे सार्वजनिक जीवन में जवाबदेही बढ़ेगी, जबकि अंतिम निर्णय संसद में विधेयक पारित होने के बाद ही संभव होगा।

3- उत्तर प्रदेश मौसम : मानसून ने लखनऊ में दी दस्तक, आज सभी 75 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट; अगले 4-5 दिन मौसम रहेगा सक्रिय
उत्तर प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार सुबह लखनऊ समेत कई जिलों में बारिश शुरू हुई, जबकि प्रदेश के सभी 75 जिलों में आज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। लखनऊ, कानपुर, बाराबंकी, बलिया सहित करीब 20 जिलों में बारिश हो रही है, जबकि कई अन्य शहरों में बादल छाए हुए हैं। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार मानसून अब लखनऊ, अयोध्या, मेरठ और बदायूं की ओर बढ़ चुका है तथा अगले 24 से 48 घंटे में पूरे प्रदेश को कवर कर लेगा। लगातार बारिश के चलते तापमान में करीब 8 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है।

4- लखनऊ : यूपी में 13,116 ग्राम पंचायत अधिकारियों की होगी भर्ती, हर ग्राम पंचायत में अलग सचिव तैनात करने की तैयारी
उत्तर प्रदेश सरकार ने ग्राम पंचायतों में सचिवों की कमी दूर करने के लिए 13,116 नए ग्राम पंचायत अधिकारी (पंचायत सचिव) पद सृजित करने का फैसला किया है। पंचायती राज विभाग की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। भर्ती प्रक्रिया तीन चरणों में होगी और पहले चरण में 4,372 पदों के सृजन को स्वीकृति दी गई है। प्रदेश की करीब 58 हजार ग्राम पंचायतों के मुकाबले वर्तमान में केवल 16 हजार ग्राम पंचायत अधिकारी कार्यरत हैं, जिससे बड़ी संख्या में पंचायतों का काम अतिरिक्त प्रभार पर चल रहा है। सरकार का लक्ष्य प्रत्येक ग्राम पंचायत में अलग सचिव तैनात कर ग्रामीण प्रशासन और विकास कार्यों को अधिक प्रभावी बनाना है।

5- अयोध्या : राम मंदिर चढ़ावा चोरी जांच तेज, पांच साल के ऑडिट की होगी दोबारा जांच; अनिल मिश्रा ने पूछताछ में टिन्नू यादव पर लगाया आरोप
राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण में एसआईटी ने ट्रस्ट के पिछले पांच वर्षों के ऑडिट और वित्तीय लेनदेन की विस्तृत जांच का निर्णय लिया है। सूत्रों के अनुसार जांच एजेंसी को कुछ ऐसे साक्ष्य मिले हैं जिनके आधार पर वित्तीय अनियमितताओं की भी पड़ताल की जाएगी। पूछताछ में ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा ने कथित तौर पर दावा किया कि गणनाकर्मी टिन्नू यादव के निर्देश पर कार्य करते थे, हालांकि उन्होंने निगरानी में चूक स्वीकार करते हुए अपनी प्रत्यक्ष भूमिका से इनकार किया। वहीं पुलिस ने आरोपी अविनाश शुक्ला के ठिकाने से मिले 'रामराज्य कोष' लिखे संदूक, क्यूआर कोड, नकदी, जेवर और दस्तावेजों की भी जांच शुरू कर दी है। एसआईटी अब 15 जुलाई तक अपनी रिपोर्ट शासन को सौंपेगी, जबकि ट्रस्ट की अहम बैठक 6 जुलाई को प्रस्तावित है।


✳️ अन्य बड़ी खबरें :


1- लखीमपुर खीरी : कवयित्री मधुमिता शुक्ला की बहन के घर कथित बम हमला, निधि शुक्ला ने अमरमणि त्रिपाठी परिवार पर लगाए गंभीर आरोप
लखीमपुर खीरी में बुधवार तड़के करीब 3 बजे कवयित्री मधुमिता शुक्ला की बहन निधि शुक्ला के घर के बाहर कथित तौर पर बम विस्फोट का मामला सामने आया है। निधि शुक्ला ने सदर कोतवाली में शिकायत देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। उन्होंने दावा किया कि यह हमला उन्हें डराने और मधुमिता हत्याकांड की कानूनी लड़ाई से पीछे हटाने के उद्देश्य से कराया गया। उन्होंने पूर्व विधायक अमरमणि त्रिपाठी और उनके परिवार को अपना दुश्मन बताते हुए भविष्य में किसी भी अनहोनी की स्थिति में उन्हें जिम्मेदार ठहराया है। वहीं पुलिस ने मामले को फिलहाल संदिग्ध बताते हुए कहा है कि साक्ष्यों के आधार पर जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

2- बदायूं : 50 हजार का इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में ढेर, जवाबी फायरिंग में दरोगा और सिपाही भी घायल
बदायूं के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में बुधवार रात पुलिस मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश जितेंद्र उर्फ ढालू मारा गया। पुलिस के अनुसार चेकिंग के दौरान संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हुआ, जबकि शेखपुर चौकी प्रभारी नीरज कुमार और सिपाही अविनाश भी गोली लगने से घायल हो गए। अस्पताल में जितेंद्र को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक वह 19 मई को इस्लामनगर क्षेत्र में हुई करीब 19 लाख रुपये की डकैती का कथित मास्टरमाइंड था और उसके खिलाफ विभिन्न जिलों में एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज थे।

3- अंतरराष्ट्रीय : ईरान 6 अरब डॉलर के फ्रीज फंड से खरीदेगा जरूरी सामान, अमेरिका पर समझौते के उल्लंघन का लगाया आरोप
ईरान ने कहा है कि अमेरिका के साथ हुए समझौते के तहत जारी होने वाली 6 अरब डॉलर की फ्रीज संपत्तियों का उपयोग आवश्यक वस्तुओं की खरीद में किया जाएगा। कतर की राजधानी दोहा में हुई बैठक के बाद ईरान के उप विदेश मंत्री काजेम गरीबाबादी ने दावा किया कि अमेरिका ने समझौते की कुछ शर्तों का पालन नहीं किया। समझौते के संभावित उल्लंघनों की निगरानी के लिए एक अलग समिति बनाने पर भी सहमति बनी है। वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर बातचीत सही दिशा में आगे बढ़ रही है, जबकि क्षेत्रीय तनाव से जुड़े कई मुद्दों पर अभी भी सहमति नहीं बन सकी है।

4- देश : जुलाई से कई बड़े नियम लागू, कॉमर्शियल सिलेंडर ₹180 तक सस्ता; पासपोर्ट महंगा और बिना टिकट यात्रा पर जुर्माना दोगुना
1 जुलाई से आम लोगों से जुड़े कई महत्वपूर्ण बदलाव लागू हो गए हैं। कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर औसतन ₹180 तक सस्ता हुआ है, जबकि घरेलू सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया। पासपोर्ट बनवाने और री-इश्यू कराने की फीस बढ़ गई है। भारतीय रेलवे ने बिना टिकट यात्रा पर न्यूनतम जुर्माना ₹250 से बढ़ाकर ₹500 कर दिया है। वहीं UIDAI ने 31 दिसंबर 2026 तक आधार में ईमेल अपडेट मुफ्त कर दिया है। इसके अलावा पेट्रोल पंपों पर एक वाहन को प्रतिदिन केवल 200 लीटर डीजल देने की सीमा भी समाप्त कर दी गई है, जबकि कई ऑटोमोबाइल कंपनियों ने 1 जुलाई से वाहनों की कीमतें बढ़ा दी हैं।

5- पेट्रोल-डीजल : नायरा एनर्जी ने पेट्रोल ₹5 और डीजल ₹3 प्रति लीटर सस्ता किया, सरकारी कंपनियों ने फिलहाल कीमतें नहीं बदलीं
निजी ईंधन कंपनी नायरा एनर्जी ने देशभर में अपने करीब 7,000 पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल की कीमत ₹5 प्रति लीटर और डीजल ₹3 प्रति लीटर कम कर दी है। कंपनी के अनुसार नई दरें तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पश्चिम एशिया में तनाव कम होने और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बाद यह फैसला लिया गया। हालांकि, इंडियन ऑयल (IOC), भारत पेट्रोलियम (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) ने फिलहाल खुदरा ईंधन कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है। राज्यों में वैट और स्थानीय करों के कारण अंतिम कीमतें अलग-अलग हो सकती हैं।


⚡ नोट : सभी जनपदों की खबरें उस जनपद के कलस्टर में होंगी जिसका लिंक ग्रुप एवं न्यूज सेक्शन में मिलेगा। इस वक्त आप DBUP इंडिया - उत्तर प्रदेश डेस्क की खबरें पढ़ रहे हैं। कोई भी त्रुटि या सूचना के लिए कृपया उत्तर प्रदेश डेस्क पर संपर्क करें।

By : Bulletin Head Ayush Tiwari & Team, Uttar Pradesh Desk, DBUP India

Desk WhatsApp : +91 888 7070 140

धन्यवाद !
आपका दिन शुभ हो, रोज सुबह 9:30 बजे पढ़ते रहिए मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन DBUP इंडिया नेटवर्क के साथ…

टिप्पणियाँ