Uttrakhand News - Morning News Bulletin Uttrakhand - 07 July 2026 #670 *ADW*

नमस्कार, 


डीबीयूपी इंडिया द्वारा 3 वर्ष से प्रसारित हो रहे आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है! 

चलिए बात करते हैं उत्तराखंड एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।

🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 बुलेटिन खबरें :


1- नई दिल्ली : महिलाओं की नकद सहायता योजनाओं की राशि बढ़ाने की सिफारिश, ईएसी-पीएम बोली- महंगाई के अनुसार हो समय-समय पर समीक्षा
प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद (ईएसी-पीएम) ने 15 राज्यों में महिलाओं को दी जा रही प्रत्यक्ष नकद सहायता योजनाओं की राशि की समय-समय पर समीक्षा कर महंगाई के अनुसार बढ़ाने की सिफारिश की है। परिषद ने महाराष्ट्र की 'माझी लाडकी बहिन' और ओडिशा की 'सुभद्रा' योजना के अध्ययन के आधार पर कहा कि इनसे महिलाओं की बचत बढ़ी, घरेलू खर्च में मदद मिली और आर्थिक भागीदारी मजबूत हुई। रिपोर्ट के अनुसार, करीब 12 करोड़ महिलाएं इन योजनाओं का लाभ ले रही हैं। परिषद ने महिलाओं को डिजिटल साक्षरता, कौशल विकास और स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने की भी सलाह दी है। रिपोर्ट में दावा किया गया कि नकद सहायता मिलने के बाद महिलाओं में UPI भुगतान और शिक्षा-स्वास्थ्य पर खर्च भी बढ़ा है।

2- अयोध्या : चढ़ावा चोरी की पहली FIR कराने वाले कृष्ण मोहन बने राम मंदिर ट्रस्ट के कार्यवाहक महासचिव, चंपत राय के इस्तीफे के बाद मिली जिम्मेदारी
रामलला मंदिर में चढ़ावा चोरी प्रकरण के बाद चंपत राय का इस्तीफा स्वीकार होने पर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने रिटायर्ड IFS अधिकारी कृष्ण मोहन को कार्यवाहक महासचिव नियुक्त किया है। हरदोई निवासी 73 वर्षीय कृष्ण मोहन 1977 बैच के भारतीय वन सेवा अधिकारी रहे हैं और 2012 से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े हैं। वह सितंबर 2025 में ट्रस्ट के ट्रस्टी बनाए गए थे और चढ़ावा चोरी मामले में ट्रस्ट की ओर से पहली FIR भी उन्होंने ही दर्ज कराई थी। नियुक्ति के बाद उन्होंने आरोपियों को सजा दिलाने, प्रबंधन की कमियां दूर करने और श्रद्धालुओं का विश्वास दोबारा स्थापित करने की बात कही। महासचिव ट्रस्ट का सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक पद माना जाता है।

3- देहरादून : पूर्व सैनिकों और उनकी विधवाओं को गृह कर में छूट, 15 जुलाई से 15 मार्च तक किए जा सकेंगे आवेदन
उत्तराखंड सरकार ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए हवलदार एवं समकक्ष रैंक तक के पूर्व सैनिकों और उनकी विधवाओं को गृह कर में छूट देने की घोषणा की है। सैनिक कल्याण विभाग के अनुसार, इस योजना के लिए 15 जुलाई से 15 मार्च 2027 तक आवेदन किए जा सकेंगे। योजना का लाभ केवल उसी आवासीय भवन पर मिलेगा, जो पूर्व सैनिक या उनकी विधवा के नाम दर्ज हो और जिसमें वे स्वयं निवास करते हों। किराये पर दिए गए या व्यावसायिक उपयोग वाले भवन इस योजना के दायरे में नहीं होंगे। आवेदन जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय से निर्धारित दस्तावेजों के साथ प्राप्त और जमा किए जा सकेंगे।

4- बदरीनाथ : चढ़ावा हेराफेरी मामले में 40 दिन की CCTV फुटेज खंगालेगी जांच टीम, पहले भी गड़बड़ी हुई या नहीं इसकी होगी पड़ताल
बदरीनाथ धाम में चढ़ावे की कथित हेराफेरी मामले की जांच अब पिछले 40 दिनों की सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे बढ़ेगी। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने सभी फुटेज सुरक्षित रखी हैं, जिनकी जांच कर यह पता लगाया जाएगा कि दो जुलाई को सामने आया मामला पहली घटना थी या इससे पहले भी चढ़ावे की गणना में किसी प्रकार की अनियमितता हुई थी। बीकेटीसी के सीईओ सोहन सिंह रांगड़ के अनुसार, यदि जांच में किसी अन्य दिन भी गड़बड़ी सामने आती है तो संबंधित लोगों पर कार्रवाई की जाएगी। जांच में आरोपी कर्मचारी की भूमिका के साथ अन्य संभावित पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

5- उत्तराखंड : विधानसभा चुनाव की तैयारी तेज, SIR का पहला चरण आज होगा पूरा; 14 जुलाई को जारी होगी ड्राफ्ट मतदाता सूची
उत्तराखंड में चुनाव आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का पहला चरण मंगलवार दोपहर पूरा हो जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, 99.9 प्रतिशत गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन पूरा हो चुका है। इसके बाद मतदाताओं की संख्या और निर्धारित मानकों के आधार पर प्रदेशभर में मतदान केंद्रों का पुनर्निर्धारण शुरू किया जाएगा। जिन केंद्रों पर 1200 से अधिक मतदाता होंगे, वहां नए मतदान केंद्र बनाए जाएंगे ताकि मतदाताओं को दो किलोमीटर से अधिक दूरी तय न करनी पड़े। वर्तमान में प्रदेश में 11,733 मतदान केंद्र हैं, जिनकी संख्या बढ़ सकती है। नई ड्राफ्ट मतदाता सूची 14 जुलाई को जारी की जाएगी।


✳️ अन्य बड़ी खबरें :


1- मसूरी : बेटी को समर कैंप छोड़ने पहुंचे शाहिद कपूर, जिस वुडस्टॉक स्कूल में मई में धोनी ने जीवा का कराया था दाखिला, वहीं मीशा ने भी लिया प्रवेश
बॉलीवुड अभिनेता शाहिद कपूर वीकेंड पर परिवार के साथ मसूरी पहुंचे। उन्होंने पत्नी मीरा राजपूत, बेटी मीशा और बेटे जैन के साथ समय बिताया तथा स्थानीय लोगों और प्रशंसकों से भी मुलाकात की। शाहिद अपनी बेटी मीशा कपूर को मसूरी के प्रतिष्ठित वुडस्टॉक स्कूल के समर प्रोग्राम में छोड़ने पहुंचे थे। इसी स्कूल में मई 2026 में पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी भी अपनी बेटी जीवा सिंह धोनी को समर कैंप के लिए लेकर आए थे। 6 से 16 जुलाई तक चलने वाले इस कार्यक्रम में देश-विदेश के 151 बच्चे भाग ले रहे हैं, जहां लीडरशिप, रोबोटिक्स, आर्ट, म्यूजिक, स्पोर्ट्स और अन्य गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। शाहिद सोमवार को देहरादून एयरपोर्ट से वापस लौट गए।

2- हरिद्वार : रुड़की में दो बाइकों की आमने-सामने की भीषण टक्कर, तीन दोस्तों की मौत; दो गंभीर घायल, ओवरस्पीड को माना जा रहा हादसे का कारण
हरिद्वार के रुड़की-कलियर मार्ग पर सोमवार देर रात दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की टक्कर में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि दोनों बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और सड़क पर शवों के अवशेष बिखर गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बाइक तेज रफ्तार में थीं, हालांकि पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। घायलों को तत्काल रुड़की सिविल अस्पताल भेजा गया है। एक बाइक पर उत्तर प्रदेश की नंबर प्लेट लगी थी, जबकि दूसरी पर नंबर प्लेट नहीं मिली। पुलिस मृतकों की पहचान कराने और पूरे मामले की जांच में जुटी है।

3- दुनिया : माइक्रोसॉफ्ट में 4,800 कर्मचारियों की छंटनी, AI इंफ्रास्ट्रक्चर पर बढ़ते खर्च और लागत घटाने के लिए लिया फैसला
टेक कंपनी माइक्रोसॉफ्ट ने अपनी कुल वर्कफोर्स में करीब 2.1% की कटौती करते हुए लगभग 4,800 कर्मचारियों की छंटनी का फैसला किया है। कंपनी के अनुसार यह कदम AI इंफ्रास्ट्रक्चर पर बढ़ते निवेश, परिचालन लागत कम करने और कार्यक्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से उठाया गया है। रिपोर्टों के मुताबिक, 2026 में कंपनी का अनुमानित कैपिटल एक्सपेंडिचर 190 बिलियन डॉलर तक पहुंच सकता है, जबकि डेटा सेंटर निर्माण की बढ़ती लागत से कैश फ्लो पर भी दबाव है। इसी बीच इस वर्ष के पहले छह महीनों में माइक्रोसॉफ्ट के शेयरों में करीब 20% की गिरावट दर्ज की गई है। इससे पहले कंपनी हजारों कर्मचारियों को वॉलंटरी बायआउट का प्रस्ताव भी दे चुकी है।

4- लंदन : भगोड़े नीरव मोदी के भारत प्रत्यर्पण का रास्ता साफ, यूरोपीय मानवाधिकार अदालत में आखिरी कानूनी चुनौती भी खारिज
पंजाब नेशनल बैंक (PNB) कथित घोटाले और मनी लॉन्ड्रिंग मामले के आरोपी भगोड़े हीरा कारोबारी नीरव मोदी को जल्द भारत लाया जा सकता है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, यूरोपीय मानवाधिकार अदालत (ECHR) ने उसकी अंतिम याचिका भी खारिज कर दी है, जिससे प्रत्यर्पण के खिलाफ बचा आखिरी कानूनी विकल्प समाप्त हो गया। इसके बाद ब्रिटेन सरकार ने भारत प्रत्यर्पण की औपचारिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। नीरव मोदी मार्च 2019 से लंदन की जेल में बंद है। CBI और ED कई हजार करोड़ रुपये के कथित बैंक घोटाले और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में लंबे समय से उसके प्रत्यर्पण का प्रयास कर रही थीं।

5- तेलंगाना : प्रेमी संग पति की हत्या का आरोप, पहले छत से धक्का दिया फिर इलाज के दौरान ड्रिप में टॉयलेट क्लीनर मिलाने का पुलिस का दावा
तेलंगाना के निजामाबाद जिले में पुलिस ने एक नर्स, उसके कथित प्रेमी और एक अन्य आरोपी को 35 वर्षीय प्रशांत की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 30 जून को आरोपियों ने पहले प्रशांत को शराब पिलाकर छत से धक्का दिया, लेकिन वह बच गया। इसके बाद अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी नस में लगी ड्रिप के जरिए कथित तौर पर टॉयलेट क्लीनर और एनेस्थीसिया इंजेक्ट किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस का दावा है कि घटना के पीछे महिला का कथित विवाहेतर संबंध था। मृतक की मां की शिकायत और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद मामले का खुलासा हुआ। तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।


⚡ नोट : सभी जनपदों की खबरें उस जनपद के कलस्टर में होंगी जिसका लिंक ग्रुप एवं न्यूज सेक्शन में मिलेगा। इस वक्त आप DBUP इंडिया - उत्तराखंड डेस्क की खबरें पढ़ रहे हैं। कोई भी त्रुटि या सूचना के लिए कृपया प्रदेश डेस्क पर संपर्क करें।

By : Bulletin Head & Team, Uttrakhand Desk, DBUP India

Desk WhatsApp : +91 841 70700 65

धन्यवाद !
आपका दिन शुभ हो, रोज सुबह 9:30 बजे पढ़ते रहिए मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन DBUP इंडिया नेटवर्क के साथ…

टिप्पणियाँ